Google Analytics —— Meta Pixel

कोरबा के लाफा जंगल में फंदे में फंसा तेंदुआ, वन विभाग ने बचाई जान, शिकारी गिरफ्तार

Leopard Trapped in Snare: कोरबा जिले के पाली वन परिक्षेत्र के लाफा बीट स्थित जंगल में सूअर पकड़ने के लिए लगाए गए तार के फंदे में एक तेंदुआ फंस गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए देर रात रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में इलाज के बाद उसे फिर से जंगल में छोड़ दिया गया। इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। घटना 9 फरवरी की रात की बताई जा रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी कि जंगल में एक तेंदुआ तार के फंदे में फंसा हुआ है और छटपटा रहा है।

यह भी पढ़ें:- ‘ऑल द बेस्ट, प्यारे बच्चों’: मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को दिया आत्मविश्वास का संदेश

सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पहाड़ी और दुर्गम रास्तों के बावजूद टीम रात में ही मौके पर पहुंची। तेंदुए की आक्रामक स्थिति और फंदे की जटिलता को देखते हुए उसे सीधे छुड़ाना संभव नहीं था। ऐसे में रायपुर से ट्रेंकुलाइजेशन की अनुमति मांगी गई। अनुमति मिलने के बाद डॉ. चंदन और उनकी टीम कानन पेंडारी बिलासपुर से रात करीब 10 बजे घटनास्थल पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने सबसे पहले तेंदुए को ट्रेंकुलाइज कर बेहोश किया, ताकि उसे सुरक्षित तरीके से फंदे से निकाला जा सके। करीब तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद तेंदुए को क्लच वायर के फंदे से बाहर निकाला गया।

तेंदुए के पेट और पिछले हिस्से में चोट के निशान पाए गए। मौके पर ही उसका प्राथमिक इलाज किया गया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज और निगरानी के लिए कानन पेंडारी बिलासपुर ले जाया गया। इलाज और निगरानी के दौरान तेंदुए की स्थिति में सुधार हुआ। विशेषज्ञों की सलाह के बाद बुधवार शाम करीब छह बजे उसे उसी जंगल क्षेत्र में वापस छोड़ दिया गया। छोड़ने से पहले क्षेत्र में एंटी-स्नेयर वॉक कर अन्य फंदों की भी जांच की गई और ट्रैप कैमरों के जरिए निगरानी व्यवस्था मजबूत की गई। रात भर निगरानी में तेंदुए की स्थिति सामान्य बनी रही। (Leopard Trapped in Snare)

डॉग स्क्वाड की मदद से शिकारी गिरफ्तार

रेस्क्यू के बाद अचानकमार टाइगर रिजर्व से डॉग स्क्वाड टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से सुराग जुटाते हुए जांच आगे बढ़ाई और नगोई भाठा के रहने वाले विजय कुमार गोड़ (37) को गिरफ्तार किया। आरोपी के घर की तलाशी में शिकार में इस्तेमाल किए गए तार, फंदे और अन्य सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि सूअर का मांस खाने की लालच में उसने फंदा लगाया था, लेकिन उसमें तेंदुआ फंस गया। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। उसे न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर उप जेल कटघोरा भेज दिया गया।

वन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना

वन और जलवायु परिवर्तन विभाग के मार्गदर्शन में कटघोरा वनमंडल की ओर से की गई यह कार्रवाई वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक सराहनीय उदाहरण मानी जा रही है। त्वरित सूचना, आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञ टीम और बेहतर समन्वय के कारण एक वन्यप्राणी की जान बचाई जा सकी और आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। बता दें कि पाली वन परिक्षेत्र में तेंदुओं के अलावा बाघों के विचरण की सूचनाएं भी मिलती रही हैं। ऐसे में वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने का फैसला लिया है। (Leopard Trapped in Snare)

Back to top button
error: Content is protected !!