Google Analytics —— Meta Pixel

डॉक्टरों की सतर्कता से बची 23 साल की प्रसूता की जान, ऑपरेशन के दौरान रुक गई थी दिल की धड़कन

Raigarh Government Hospital: रायगढ़ के स्व. लखीराम अग्रवाल स्मृति सरकारी मेडिकल कॉलेज से जुड़े संत बाबा गुरु घासीदास स्मृति सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों की सतर्कता, तेज फैसले और बेहतर टीमवर्क से 23 साल की एक गर्भवती महिला की जान बचा ली गई। प्रसव के दौरान महिला को पेरिपार्टम कार्डियक अरेस्ट (डिलीवरी के समय दिल की धड़कन रुक जाना) हो गया था, लेकिन मेडिकल टीम ने तुरंत इलाज कर उसे नई जिंदगी दे दी। जानकारी के मुताबिक महिला पहली बार मां बनने वाली थी। उन्हें गर्भावस्था के दौरान हाई ब्लड प्रेशर की समस्या थी। 2 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 12 बजे उन्हें एक निजी अस्पताल से बेहद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी विभाग में लाया गया।

यह भी पढ़ें:- कोरबा के लाफा जंगल में फंदे में फंसा तेंदुआ, वन विभाग ने बचाई जान, शिकारी गिरफ्तार

उस समय प्रसूता का ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा था और उसे सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी। जांच में डॉक्टरों ने पाया कि उनके फेफड़ों में पानी भर गया है, जिसे पल्मोनरी एडीमा कहा जाता है। यह स्थिति जानलेवा हो सकती है। महिला की बिगड़ती हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत सिजेरियन डिलीवरी करने का फैसला लिया। ऑपरेशन की तैयारी तेजी से शुरू की गई और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम को अलर्ट किया गया, लेकिन ऑपरेशन के दौरान अचानक महिला की दिल की धड़कन रुक गई। यह स्थिति बेहद गंभीर और चुनौतीपूर्ण थी। कुछ पलों के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया, लेकिन डॉक्टरों ने हिम्मत नहीं हारी।

तुरंत शुरू किया गया सीपीआर

एनेस्थीसिया विभाग के डॉक्टरों ने बिना देर किए हाई क्वालिटी सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) शुरू किया। पूरी मेडिकल टीम ने तालमेल के साथ काम किया। लगातार प्रयासों के बाद महिला की दिल की धड़कन दोबारा शुरू हो गई। यह पल पूरी टीम के लिए राहत भरा था, लेकिन खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं था। दिल की धड़कन वापस आने के बाद महिला को तुरंत आईसीयू में शिफ्ट किया गया और वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। वहां लगातार निगरानी और जरूरी दवाइयों के जरिए इलाज जारी रखा गया। करीब तीन दिन तक महिला की हालत नाजुक बनी रही। डॉक्टरों की चौबीसों घंटे निगरानी और इलाज से उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार होने लगा। 12 फरवरी 2026 को उनकी हालत स्थिर होने पर उन्हें आईसीयू से वार्ड में शिफ्ट किया गया।

कुछ दिन और निगरानी में रखने के बाद आखिरकार उन्हें पूरी तरह स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस जटिल और जीवनरक्षक प्रक्रिया में एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. आनंद मसीह लकड़ा के नेतृत्व में स्त्री और प्रसूति रोग विभाग समेत अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मिलकर काम किया। ऑपरेशन थिएटर स्टाफ और आईसीयू टीम की भी अहम भूमिका रही। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि यह सफलता समय पर सही पहचान, तुरंत लिया गया फैसला, बेहतर तकनीक और सभी विभागों के तालमेल का नतीजा है। डॉक्टरों के मुताबिक हाई-रिस्क प्रेग्नेंसी में अगर समय पर विशेषज्ञ इलाज मिल जाए तो गंभीर से गंभीर स्थिति में भी मां की जान बचाई जा सकती है। यह मामला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपलब्ध आपातकालीन और मातृ स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती को भी दिखाता है। (Raigarh Government Hospital)

Back to top button
error: Content is protected !!