राहुल गांधी भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक इंसान: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू

Union Minister Kiren Rijiju: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरन रिजिजू ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत की सुरक्षा के लिए सबसे खतरनाक इंसान बन गए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल भारत विरोधी ताकतों से जुड़े हुए हैं, जो देश-विदेश में नक्सलियों, उग्रवादियों और जॉर्ज सोरोस जैसे लोगों से मुलाकात करते हैं। रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस का काम सिर्फ संसद में हंगामा करना रह गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आरोप लगाती है कि उन्हें बोलने नहीं दिया जाता, लेकिन जैसे ही राहुल गांधी सदन में आते हैं, हंगामा, बैनर और नारेबाजी शुरू हो जाती है।
यह भी पढ़ें:- बांग्लादेश में ऐतिहासिक जीत के बाद तारिक रहमान ने संभाली सत्ता, संविधान संशोधन पर बढ़ा टकराव
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के व्यवहार के कारण छोटे विपक्षी दलों और सांसदों को अपने क्षेत्र के मुद्दे उठाने का अवसर नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भी कई बार विरोध करती है, लेकिन उनसे संवाद संभव है। रिजिजू ने कहा कि वे समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के नेताओं के साथ बेहतर तरीके से काम कर सकते हैं। रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री देशहित में कार्य कर रहे हैं और प्रस्तावित अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर किसानों, मजदूरों, कपड़ा श्रमिकों या छोटे उद्योगों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा है। (Union Minister Kiren Rijiju)

स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर प्रतिक्रिया
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर रिजिजू ने कहा कि स्पीकर का काम सदन की कार्यवाही चलाना, सरकारी कामकाज को आगे बढ़ाना और विपक्ष को बोलने का अवसर देना है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी सांसद स्पीकर के चैंबर में घुसकर प्रदर्शन करने लगे, जिसके बावजूद ओम बिरला ने संयम और नरमी दिखाई। रिजिजू ने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर वे स्पीकर होते तो शायद संबंधित सांसदों को निलंबित कर देते। भाजपा ने 11 फरवरी को आरोप लगाया था कि प्रियंका गांधी और केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने स्पीकर के चैंबर में बदसलूकी की। इसके बाद विपक्ष ने ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस पेश किया, जिस पर 118 सांसदों के हस्ताक्षर बताए जा रहे हैं। (Union Minister Kiren Rijiju)
लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया
बता दें कि ओम बिरला अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और उसके निपटारे तक सदन की अध्यक्षता नहीं करेंगे। विपक्ष के प्रस्ताव पर 9 मार्च को चर्चा संभव है। 13 फरवरी को बजट सत्र का मौजूदा चरण समाप्त हुआ था और 8 मार्च से सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होगी। अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए कम से कम 50 लोकसभा सदस्यों का समर्थन आवश्यक है। 14 दिन पहले स्पीकर को लिखित नोटिस देना अनिवार्य होता है। आरोप स्पष्ट और ठोस होने चाहिए। प्रस्ताव स्वीकार होने पर सदन में चर्चा और मतदान कराया जाता है। चर्चा के दौरान स्पीकर सदन की अध्यक्षता नहीं कर सकते। प्रस्ताव पारित करने के लिए उपस्थित सदस्यों का बहुमत जरूरी है। प्रस्ताव पारित होने पर स्पीकर को पद छोड़ना पड़ता है। इतिहास में 1954, 1966 और 1985 में लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए गए थे, हालांकि तीनों बार प्रस्ताव खारिज हो गए थे।



