Google Analytics —— Meta Pixel

बांग्लादेश में ऐतिहासिक जीत के बाद तारिक रहमान ने संभाली सत्ता, संविधान संशोधन पर बढ़ा टकराव

Bangladesh New PM Tariq: बांग्लादेश की राजनीति में बड़े बदलाव के बीच बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारिक रहमान ने देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने संसद भवन में आयोजित समारोह में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। तारिक पहली बार प्रधानमंत्री बने हैं। इससे पहले BNP के सांसदों ने उन्हें संसदीय दल का नेता चुना था। वे पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया और पूर्व राष्ट्रपति जियाउर रहमान के बेटे हैं। 17 साल तक लंदन में रहने के बाद वे दो महीने पहले ही बांग्लादेश लौटे थे। प्रधानमंत्री तारिक रहमान के साथ 25 कैबिनेट मंत्रियों और 24 राज्य मंत्रियों को भी शपथ दिलाई गई। 25 में से 17 कैबिनेट मंत्री नए चेहरे हैं, जबकि सभी 24 राज्य मंत्री पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल हुए हैं।

यह भी पढ़ें:- Chhattisgarh में सिगड़ी का धुआं बना काल: दंपति और 4 साल की बच्ची की दम घुटने से मौत, पढ़े पूरी खबर

  • मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर- स्थानीय सरकार, ग्रामीण विकास और सहकारिता मंत्रालय
  • अमीर खसरो महमूद चौधरी- वित्त मंत्रालय
  • सलाहुद्दीन अहमद- गृह मंत्रालय
  • डॉ. खलीलुर रहमान- विदेश मंत्रालय
  • हिंदू समुदाय से निताई रॉय चौधरी- संस्कृति मंत्रालय 
  • बौद्ध समुदाय से दिपेन देवान चकमा- चटगांव हिल ट्रैक्ट्स मामलों के मंत्री

प्रधानमंत्री ने रक्षा मंत्रालय अपने पास रखा है। यह सूची BNP की ओर से अनौपचारिक रूप से जारी की गई है, आधिकारिक गजट जल्द जारी होने की उम्मीद है। शपथ ग्रहण समारोह में भारत के लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मौजूद रहे। उन्होंने तारिक रहमान से मुलाकात कर भारत की ओर से शुभकामनाएं दी और भारत आने का निमंत्रण भी दिया। भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज हामिदुल्लाह के मुताबिक दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर सहमति जताई। समारोह में भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे समेत पाकिस्तान, नेपाल, मालदीव, श्रीलंका और ब्रिटेन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। बता दें कि पिछले गुरुवार हुए आम चुनाव में BNP ने 299 में से 209 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। बहुमत के लिए 150 सीटों की आवश्यकता थी। सहयोगी दलों ने 3 अतिरिक्त सीटें जीती। (Bangladesh New PM Tariq)

जुलाई चार्टर पर सियासी टकराव

तारिक रहमान ने ढाका-17 और बोगरा-6 दोनों सीटों से जीत दर्ज की। बाद में उन्होंने बोगरा-6 सीट छोड़ दी, जहां अब 90 दिनों के भीतर उपचुनाव कराया जाएगा। 12 फरवरी को आम चुनाव के साथ जुलाई चार्टर पर जनमत संग्रह भी कराया गया, जिसमें 62% मतदाताओं ने समर्थन किया। इस चार्टर के तहत संसद 180 दिनों के लिए संविधान सभा की तरह कार्य करेगी। प्रधानमंत्री की शक्तियों में कटौती और राष्ट्रपति की भूमिका मजबूत होगी। प्रधानमंत्री के लिए अधिकतम 10 साल या दो कार्यकाल की सीमा तय होगी। आपातकाल लागू करने के लिए कैबिनेट और विपक्षी नेता की लिखित सहमति जरूरी होगी। द्विसदनीय संसद की स्थापना का प्रावधान होगा। हालांकि BNP ने इस चार्टर के कुछ प्रावधानों को असंवैधानिक बताते हुए आपत्ति जताई है। पार्टी का कहना है कि संविधान में किसी संवैधानिक सुधार परिषद का उल्लेख नहीं है, इसलिए अलग से शपथ का कोई कानूनी आधार नहीं बनता।

तारिक रहमान का संघर्ष से सत्ता तक का सफर

बांग्लादेश की 13वीं नेशनल पार्लियामेंट के नवनिर्वाचित सदस्यों को मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन ने शपथ दिलाई। समारोह कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित हुआ, जिसमें 1,000 से ज्यादा स्थानीय और विदेशी मेहमान शामिल हुए। 20 नवंबर 1965 को ढाका में जन्मे तारिक रहमान बचपन में पिनू नाम से पुकारे जाते थे। 1971 के मुक्ति संग्राम के दौरान सिर्फ 6 साल की उम्र में उन्हें परिवार समेत जेल जाना पड़ा। उन्होंने ढाका विश्वविद्यालय में कानून और अंतरराष्ट्रीय संबंधों की पढ़ाई की, लेकिन बाद में पढ़ाई छोड़ व्यवसाय में उतर गए। 1988 में वे सक्रिय राजनीति में आए और अपनी मां खालिदा जिया के साथ हुसैन मोहम्मद इरशाद की सरकार के खिलाफ आंदोलन में शामिल हुए। (Bangladesh New PM Tariq)

नए प्रधानमंत्री के सामने आगे की चुनौतियां

2007 में भ्रष्टाचार के आरोपों में गिरफ्तारी के बाद वे 2008 में इलाज के लिए लंदन गए और 17 सालों तक वहीं रहे। 2018 में वे BNP के एक्टिंग चेयरमैन बने। 25 दिसंबर 2025 को स्वदेश लौटे और जनवरी 2026 में पार्टी अध्यक्ष चुने गए। फरवरी 2026 में चुनाव जीतकर सांसद बने और 17 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। तारिक रहमान के सामने एक ओर संविधान सुधार और जुलाई चार्टर को लेकर राजनीतिक सहमति बनाना बड़ी चुनौती है। वहीं दूसरी ओर आर्थिक स्थिरता, प्रशासनिक सुधार और पड़ोसी देशों के साथ संतुलित संबंध बनाए रखना भी अहम होगा। नई सरकार के गठन के साथ बांग्लादेश की राजनीति एक नए अध्याय में प्रवेश कर चुकी है। (Bangladesh New PM Tariq)

Back to top button
error: Content is protected !!