प्रेम संबंध से शुरू हुई कहानी का 17 साल बाद खौफनाक अंत, पत्नी ने पति को पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

Husband Murder in Surajpur: सूरजपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के मानी गांव में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां पत्नी ने डंडे से पीट-पीटकर अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मृतक पन्ना राठिया (44) मूल रूप से बादपाली गांव का रहने वाला था। वह पिछले कई सालों से सूरजपुर क्षेत्र में रह रहा था। करीब 17 साल पहले उसका मथुरा यादव से प्रेम संबंध हुआ था। मथुरा अपने पूर्व पति और बच्चों को छोड़कर पन्ना के साथ रहने लगी थी। दोनों डेडरी गांव में एक खेत पर बने मकान में रहकर जीवन यापन कर रहे थे, जहां पन्ना ट्रैक्टर चलाने और खेती का काम करता था।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में राज्यसभा का गणित तय, एक सीट बीजेपी, एक कांग्रेस को संभव, अब उम्मीदवारों पर नजर
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना की रात दोनों शराब के नशे में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में पत्नी मथुरा बाई ने डंडे से अपने पति की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी महिला ने पहले पड़ोसियों और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और कहा कि वह तालाब पर मोटर बंद करने गई थी, लौटने पर पति खून से लथपथ मिला, लेकिन पूछताछ के दौरान उसके बयान उलझने लगे। (Husband Murder in Surajpur)

17 साल का रिश्ता एक पल में खत्म
सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सीएसपी अविनाश पैकरा ने बताया कि आरोपी महिला की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे अंबिकापुर केंद्रीय जेल भेज दिया गया। घरेलू विवाद ने एक परिवार को बिखेर दिया। 17 साल का साथ एक हिंसक रात में खत्म हो गया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक पल के आवेश ने सालों का साथ खत्म कर दिया। अब आरोपी महिला को अपने कृत्य का जवाब अदालत में देना होगा। (Husband Murder in Surajpur)



