दुर्ग से एम्स-डीकेएस तक सीधे ई-बस सेवा, हजारों यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रायपुर/दुर्ग। दुर्ग-भिलाई और आसपास के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही शहर की सड़कों पर इलेक्ट्रिक ई-सिटी बसें दौड़ती नजर आएंगी, जिससे सस्ती और सुविधाजनक परिवहन सेवा का रास्ता साफ होगा।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स बलौदाबाजार इकाई की कार्यकारिणी बैठक सम्पन्न
आने वाले कुछ महीनों में इस सेवा को शुरू करने की तैयारी चल रही है। बसों के रूट को लेकर मंथन जारी है। पुरानी योजना के तहत जिला प्रशासन ने 13 रूट तय किए थे, लेकिन अब इनमें कुछ नए मार्ग जोड़ने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभ मिल सके।
ई-सिटी बस सेवा शुरू होने के बाद यात्री दुर्ग से सीधे एम्स रायपुर और डीकेएस अस्पताल तक सफर कर सकेंगे। साथ ही घड़ी चौक तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। दूसरी दिशा में राजनांदगांव तक सिटी बस सेवा शुरू करने की योजना पर भी काम जारी है।
इस संबंध में बुधवार को निगम आयुक्त, परिवहन विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयुक्त कार्यालय में हुई। बैठक में ई-बस के संभावित रूटों पर विस्तार से चर्चा की गई।
निगम आयुक्त राजीव पाण्डेय ने स्पष्ट कहा कि दुर्ग से सीधे एम्स और डीकेएस अस्पताल तक रूट बनाया जाना चाहिए। साथ ही परिवहन विभाग को नए रूट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर सुविधा मिल सके।
शहर के अंदरूनी और अधिक आवाजाही वाले इलाकों की पहचान कर एक्सपर्ट टीम सर्वे के आधार पर रूट तय करेगी। आयुक्त ने यह भी कहा कि आम नागरिक अपने सुझाव पत्र के माध्यम से दे सकते हैं।
यदि यह योजना तय समय पर लागू होती है, तो रोजाना सफर करने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और भिलाई-दुर्ग की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।



