T-20 वर्ल्ड कप में करोड़ों का सट्टा चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार 

Action on Betting Gang: रायपुर पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर क्षेत्र से शुरू होकर गोवा तक फैली। पुलिस ने कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से दो मुख्य सरगना प्रतीक कुमार वीधवानी और सैंकी देवड़ा रायपुर से गिरफ्तार किए गए, जबकि बाकी पांच आरोपी गोवा में रेड के दौरान पकड़े गए। जानकारी के मुताबिक 25 फरवरी को रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम और साइबर यूनिट को सूचना मिली कि न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास एक खाली मैदान में कुछ लोग कार में बैठकर ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

यह भी पढे़ं:- बलौदाबाजार में नवपदस्थ कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने संभाला पदभार

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम प्रतीक कुमार वीधवानी और सैंकी देवड़ा, निवासी अमलीडीह, न्यू राजेन्द्र नगर बताया। इनके मोबाइल फोन की जांच में पता चला कि ये ऑनलाइन बैटिंग साइट्स के जरिए मास्टर आईडी बनाकर अन्य लोगों को सट्टा खेलने के लिए आईडी दे रहे थे। साथ ही, अन्य राज्यों में बैठे पैनलों के पैसे के लेन-देन के लिए व्हाट्सएप ग्रुप का इस्तेमाल किया जा रहा था। गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने बताया कि उनके साथी गोवा में बैठे हैं और वहीं से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। रायपुर पुलिस टीम गोवा रवाना हुई और आरोपियों के बताए स्थान पर रेड की। गोवा में आरोपियों ने T-20 वर्ल्ड कप के दौरान करोड़ों रुपए का सट्टा चलाया। (Action on Betting Gang)

पुलिस ने गोवा से 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें कोरबा निवासी धनंजय वैष्णव, बिलासपुर के साकेत जगवानी, कोरबा के प्रमोद कुमार, चाम्पा के प्रकाश चंद्र मिरी और बिहार के शंकर कुमार शामिल हैं। रायपुर पुलिस ने मुख्य सरगना समेत 7 आरोपियों को धर-दबोचा। आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप, मोबाइल, एटीएम कार्ड, क्रिप्टो राशि और अन्य सामग्री बरामद की गई। गोवा में आरोपी आलीशान विला में 20-25 हजार रुपए वेतन पर कर्मचारियों को रखकर नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी सैंकी और प्रतीक ही इस पूरे नेटवर्क के मास्टरमाइंड थे। उन्होंने 35 लाख रुपए में सट्टे की एक खास ‘पैनल’ खरीदी थी। इस पैनल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और पैसों का लेन-देन किया जाता था। (Action on Betting Gang)

पुलिस ने 431 बैंक खातों का इस्तेमाल कर अवैध रकम क्रिप्टो करेंसी/USDT के माध्यम से विदेश भेजे जाने की जानकारी जुटाई। जांच में 46,500 USDT यानी लगभग 42 लाख रुपए ट्रांसफर होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने 5 लैपटॉप, 1 टैब, 58 मोबाइल, 12 एटीएम कार्ड, 3 राउटर, 4 पासबुक, 1 कार और नगदी समेत लगभग 22.14 लाख रुपए बरामद किए हैं। आरोपी ऑनलाइन बैटिंग साइट्स 23exch9.com, allpenalexch.com और 99.com के माध्यम से मास्टर आईडी बनाकर आईडी बेचते थे। डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में कई बड़े बुकियों और छत्तीसगढ़ में जुड़े अन्य नामों का पता लगाने की संभावना है। पुलिस की यह कार्रवाई ऑनलाइन सट्टा गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य बड़े नामों की जानकारी जुटा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!