भारत की समृद्ध विरासत ही हमारी ताकत: राज्यपाल रमेन डेका

Governor Ramen Deka: छत्तीसगढ़ के लोकभवन में 5 राज्यों यानी असम, मणिपुर, मेघालय, त्रिपुरा और उत्तरप्रदेश का स्थापना दिवस मनाया गया। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि यह पहल सिर्फ सांस्कृतिक आदान-प्रदान नहीं, बल्कि भावनात्मक एकीकरण का माध्यम है। भारत की समृद्ध विरासत हमारी सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से शुरू हुआ ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान इसी एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का सशक्त प्रतीक है।
यह भी पढ़ें:- किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़, उनकी समृद्धि ही राज्य की समृद्धि का आधार: मुख्यमंत्री साय
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत विविधता में एकता की भावना को बढ़ावा देने के लिए सभी राज्य एक दूसरे का स्थापना दिवस मनाते हैं। इसी कड़ी में लोकभवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में इन राज्यों का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राज्यपाल डेका ने कहा कि असम भारत के उत्तर-पूर्व में स्थित है और अपनी प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। असम टी पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली चायों में से एक है। असम में स्थित काजीरंगा नेशलन पार्क में दुनिया के लगभग दो-तिहाई एक-सींग वाले गैंडे पाए जाते हैं। (Governor Ramen Deka)
मणिपुर शाब्दिक अर्थों में आभूषणों की भूमि: राज्यपाल
राज्यपाल ने कहा कि असम का प्रसिद्ध बिहू त्यौहार हैं। गुवाहाटी में स्थित कामाख्या मंदिर भारत के प्रमुख शक्तिपीठों में से एक है। राज्यपाल ने कहा कि मणिपुर शाब्दिक अर्थों में आभूषणों की भूमि है। यहां के लोग संगीत और कला में बड़े प्रवीण होने के साथ-साथ सृजनशील होते हैं, जो उनकी हथकरघा, दस्तकारी के उत्पादो में झलकती है। मणिपुर देश का आर्किड टोकरी है। राज्यपाल डेका ने कहा कि मेघालय एक प्रसिद्ध पर्यटन राज्य है, जहां की मुख्य जनजातियां मातृवंशीय प्रणाली का अनुसरण करती है। मेघालय को बादलों का घर कहा जाता है।

राज्यपाल ने कहा कि हमारे पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा का उल्लेख महाभारत, पुराणों और अशोक के शिलालेख में मिलता है। इस राज्य की अपनी अनोखी जनजातीय संस्कृति और दिलचस्प लोकगाथाएं है। देवी त्रिपुरा सुंदरी का प्रसिद्ध शक्ति पीठ भक्तों की आस्था का केंद्र है। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश, भारत के सबसे बड़े राज्यों में से एक है। यह भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की जन्मभूमि है। भगवान बुद्ध ने अपना पहला उपदेश सारनाथ में दिया और बौद्ध धर्म की नींव रखी। विश्व के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में से एक ताजमहल भी यहीं पर है। प्रयागराज में महाकुंभ होता है। (Governor Ramen Deka)
राज्यपाल ने सभी राज्यों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारत की एकता और अखंडता ही हमें आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र बनाने की दिशा में प्रेरित करती है। उन्होंने लोगों से कहा कि जीवन मे एक काम ऐसा करें, जिसमें ट्रांजेक्शन नहीं हो सिर्फ ट्रांसफार्मेशन हो। समारोह में कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में राज्यों के प्रतिनिधियों ने अपने राज्यों की विशेषताओं, परंपरा, संस्कृति पर प्रकाश डाला। समारोह में कई विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सभी राज्यों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति दी। कई राज्यों के प्रतिनिधियों को राज्यपाल ने राजकीय गमछा और स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने भी राज्यपाल को अपने राज्य की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।



