UPSC Result 2025: वैभवी अग्रवाल 35वीं रैंक के साथ प्रदेश में अव्वल, 7 युवाओं ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान

UPSC Result 2025: UPSC ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है। इस बार छत्तीसगढ़ के सात युवाओं ने सफलता हासिल करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। इनमें रायपुर की वैभवी अग्रवाल, रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया समेत बलरामपुर के विपुल गुप्ता, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की दर्शना सिंह बघेल, रायगढ़ के अजय गुप्ता और धमतरी के डीएसपी डायमंड सिंह शामिल हैं। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी की रहने वाली वैभवी अग्रवाल ने अखिल भारतीय स्तर पर 35वीं रैंक हासिल कर प्रदेश में सबसे बेहतर स्थान प्राप्त किया है। यह उनका तीसरा प्रयास था। वैभवी की इस सफलता से उनका IAS बनना लगभग तय माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- भारत की समृद्ध विरासत ही हमारी ताकत: राज्यपाल रमेन डेका
25 साल की वैभवी ने मुंबई के आईईटी से एमटेक किया है। उन्होंने इस बार घर पर रहकर ऑनलाइन कोचिंग और सेल्फ स्टडी के माध्यम से तैयारी की। बचपन में ही उनकी मां का निधन हो गया था, लेकिन पिता और बहन ने उनका पूरा साथ दिया। UPSC में सफलता मिलने के बाद वैभवी अपने परिवार के साथ गुढ़ियारी स्थित हनुमान मंदिर पहुंची और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य समाज सेवा करना है और अगर वे कलेक्टर बनती हैं तो महिला सशक्तिकरण के लिए विशेष रूप से काम करेंगी।
बलरामपुर के विपुल गुप्ता को 103वीं रैंक
बलरामपुर जिले के विपुल गुप्ता ने UPSC 2025 में 103वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा डीपीएस उक्कुनगरम, विशाखापट्टनम से पूरी की। इसके बाद 2022 में उन्होंने IIT मद्रास से स्नातक की पढ़ाई की। यह उनका तीसरा प्रयास था। इससे पहले उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में 368वीं रैंक हासिल की थी। इसके अलावा भारतीय वन सेवा परीक्षा में भी वे 12वीं रैंक प्राप्त कर चुके हैं। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर विकासखंड की रहने वाली दर्शना सिंह बघेल ने अपने दूसरे प्रयास में 383वीं रैंक हासिल की है और उनका चयन IPS के लिए हुआ है। दर्शना शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं।
डीएवी स्कूल भगवानपुर से की पढ़ाई
उन्होंने 2017-18 में डीएवी स्कूल भगवानपुर से 12वीं में 97 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। इसके बाद उनका चयन IIT कानपुर में हुआ, जहां से इंजीनियरिंग करने के बाद उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की। पिछले साल उन्होंने प्रीलिम्स और मेंस पास कर लिया था, लेकिन इंटरव्यू में चयन नहीं हो सका। इस बार उन्होंने सफलता हासिल कर ली। उनके पिता अरुण सिंह बघेल किसान हैं, जबकि उनकी मां सीमा सिंह जनकपुर नगर पंचायत की पार्षद हैं। रायगढ़ जिले के संबलपुरी निवासी अजय गुप्ता ने UPSC 2025 में 452वीं रैंक हासिल की है। उनकी प्रारंभिक पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल में हुई।
धमतरी के DSP डायमंड सिंह को 623वीं रैंक
उन्होंने NIT रायपुर से ग्रेजुएशन किया। इसके बाद वे बस्तर जिले में एक एनजीओ के साथ आदिवासी विकास के लिए काम करने लगे। वहीं से उन्हें प्रशासनिक सेवा में जाने की प्रेरणा मिली। अजय के पिता धनुर्जय गुप्ता छोटे किसान हैं, जिन्होंने अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए हमेशा प्रयास किया। धमतरी जिले के परसवानी गांव के रहने वाले डायमंड सिंह ने UPSC में 623वीं रैंक हासिल की है। वे वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के डीएसपी हैं। पुलिस सेवा जॉइन करने के बाद भी उन्होंने UPSC की तैयारी जारी रखी। इससे पहले वे राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षा में पहले ही प्रयास में डीएसपी पद के लिए चयनित हुए थे।
ऐसे देखें UPSC का रिजल्ट
राजधानी रायपुर के रौनक अग्रवाल ने UPSC 2025 में 772वीं रैंक हासिल की है। इसकी खबर मिलने के बाद रायपुर के कलेक्टर उनके घर पहुंचे और उन्हें बधाई दी। रौनक ने जिले में चलाए जा रहे ‘प्रोजेक्ट अनुभव’ कार्यक्रम के तहत अपना साक्षात्कार भी दिया था, जिससे उन्हें तैयारी में मदद मिली। उम्मीदवार UPSC की आधिकारिक वेबसाइट Union Public Service Commission की साइट upsc.gov.in, upsconline.nic.in पर जाकर सिविल सेवा परीक्षा 2025 की फाइनल मेरिट लिस्ट देख सकते हैं।



