Google Analytics —— Meta Pixel

5 साल में छत्तीसगढ़ से गायब हुए 400 से ज्यादा बच्चे, पहले नंबर पर पश्चिम बंगाल और दूसरे पर मध्यप्रदेश, 6वें नंबर पर छग

Children Missing From Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में पिछले 5 सालों के भीतर लापता हुए 400 से ज्यादा बच्चों का अब तक पता नहीं चल पाया है। बच्चों के गायब होने के मामलों में छत्तीसगढ़ देश में छठे नंबर पर है। यह खुलासा महिला और बाल विकास विभाग की मिसिंग चिल्ड्रन रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक देश में बच्चों के लापता होने के मामलों को लेकर चिंता लगातार बढ़ रही है। रिपोर्ट के अनुसार 1 जनवरी 2025 से 31 जनवरी 2026 के बीच देशभर में कुल 33,577 बच्चे लापता हुए। इनमें से 7,777 बच्चों का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है, जबकि बाकी बच्चों को पुलिस और प्रशासन ने खोजकर उनके परिवारों तक पहुंचाया है।

यह भी पढ़ें:- T20 World Cup 2026 : टीम इंडिया का जलवा, टी20 वर्ल्ड कप जीतकर बरसी करोड़ों की प्राइज मनी

रिपोर्ट के मुताबिक इसी अवधि में छत्तीसगढ़ से 982 बच्चे लापता हुए। इनमें से 582 बच्चों को बरामद कर लिया गया, जबकि करीब 400 बच्चे अब भी लापता हैं। प्रदेश में लापता होने वाले बच्चों में 14 से 17 साल आयु वर्ग के लड़के-लड़कियों की संख्या ज्यादा है, जिनमें लड़कियों की संख्या ज्यादा बताई गई है। छत्तीसगढ़ में बच्चों के लापता होने के मामले कुछ जिलों में ज्यादा सामने आए हैं। इनमें जांजगीर-चांपा, रायपुर, बिलासपुर, सक्ती, दुर्ग और बलौदाबाजार जिले शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक इन जिलों में औद्योगिक और शहरी गतिविधियां ज्यादा होने के कारण प्रवासी परिवारों की आवाजाही भी ज्यादा रहती है, जिससे बच्चों के भटकने या परिवार से अलग होने के मामले बढ़ जाते हैं।

‘ऑपरेशन मुस्कान’ से मिली सफलता

लापता बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की ओर से ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से अब तक 559 बच्चों को खोजकर उनके परिवारों को सौंपा गया है। पुलिस का कहना है कि कई बच्चे घर से नाराज होकर या डर के कारण घर छोड़ देते हैं और दूसरे शहरों की ओर चले जाते हैं। ऐसे मामलों में अलग-अलग राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर बच्चों को खोजा जाता है। जांच में यह भी सामने आया है कि कई मामलों में मानव तस्करी गिरोह बच्चों को बड़े शहरों में ज्यादा पैसे या अन्य प्रलोभन देकर ले जाते हैं। बाद में उन्हें मजदूरी या अन्य कामों में लगा दिया जाता है। ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के दौरान रेस्क्यू किए गए बच्चों से पूछताछ में ऐसे कई मामलों का खुलासा भी हुआ है। (Children Missing From Chhattisgarh)

देश में पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा मामले

रिपोर्ट के मुताबिक बच्चों के लापता होने के मामलों में पश्चिम बंगाल पहले नंबर पर है। यहां 19,145 बच्चे लापता हुए, जिनमें से 15,465 बच्चों को खोज लिया गया, जबकि 3,680 बच्चे अब भी लापता हैं। इसके बाद मध्यप्रदेश दूसरे स्थान पर है, जहां 4,256 बच्चे लापता हुए, जिनमें से 1,059 का अब तक पता नहीं चल पाया है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, गुजरात, लक्षद्वीप और दादरा-नगर हवेली में इस अवधि के दौरान बच्चों के लापता होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई। (Children Missing From Chhattisgarh)

बच्चों के अपहरण का पैटर्न

अपराध विवरण के विश्लेषण में बच्चों के अपहरण से जुड़े कुछ प्रमुख पैटर्न सामने आए हैं, जैसे लड़कों की तुलना में लड़कियों का अपहरण चार गुना ज्यादा दर्ज किया गया है। कई मामलों में देह व्यापार के लिए लड़कियों को निशाना बनाया जाता है। भीख मंगवाने, मानव अंग तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों के लिए बच्चों का इस्तेमाल किया जाता है। निःसंतान दंपतियों को बेचने के लिए भी बच्चों का अपहरण किया जाता है। मानसिक रूप से कमजोर, बोलने-सुनने में अक्षम या आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे ज्यादा निशाना बनते हैं। 2 से 14 साल तक के बच्चे तस्करों के लिए आसान लक्ष्य माने जाते हैं। (Children Missing From Chhattisgarh)

राज्य गुम हुए मिले अब भी लापता
पश्चिम बंगाल 19,145 15,465 3,680
मध्यप्रदेश 4,256 1,856 1,059
हरियाणा 2,209 918 353
केरल 1,696 536 778
ओडिशा 1,624 582 1,088
छत्तीसगढ़ 982 582 400
उत्तराखंड 900 499 413
राजस्थान 745 361 246
गोवा 577 – –
महाराष्ट्र 453 577 216
बिहार 244 30 214
लद्दाख 225 81 –
उत्तर प्रदेश 71 37 10
पंजाब 31 27 4
जम्मू-कश्मीर 29 20 9
झारखंड 17 10 7
चंडीगढ़ 17 10 7
तमिलनाडु 10 344 0
हिमाचल प्रदेश 8 0 8
दिल्ली 2 0 2
पुडुचेरी 8 5 3
नगालैंड 0 21 0

कई राज्यों में बरामद बच्चों की संख्या ज्यादा इसलिए है, क्योंकि अन्य राज्यों के लापता बच्चे वहां से बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार लापता बच्चों की तलाश लगातार जारी है और विशेष टीमों के माध्यम से ऑपरेशन मुस्कान के तहत खोज अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि लापता बच्चों का पता लगाने के लिए अन्य राज्यों की पुलिस के साथ भी समन्वय बनाया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन लापता बच्चों की तलाश में अभियान चला रहे हैं, लेकिन सैकड़ों बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिलना चिंता का विषय बना हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए समाज और प्रशासन दोनों को मिलकर सतर्क रहने की जरूरत है। लापता बच्चों के बढ़ते मामलों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में जरूरत है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाई जाए और मानव तस्करी जैसे अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

Back to top button
error: Content is protected !!