दुर्ग के बाद बलरामपुर में भी अफीम की खेती, छत्तीसगढ़ में कैसे फैला अफीम का नेटवर्क ?

Opium Cultivation in Balrampur: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के बाद बलरामपुर में भी अफीम की खेती करने का मामला सामने आया है, जहां करीब 2 एकड़ क्षेत्र में अफीम की फसल मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में 5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला कुसमी थाना क्षेत्र का है, जहां त्रिपुरी के सरनाटोली गांव के पास खेतों में करीब 2 एकड़ क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती पाई गई। जानकारी मिलने के बाद कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की जांच की। मौके से बड़ी मात्रा में सूखे डोडे भी बरामद किए गए हैं, जिनमें खसखस भरे हुए थे।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में धर्म परिवर्तन से पहले 60 दिन की सूचना जरूरी, जानिए नए विधेयक के क्या हो सकते हैं प्रावधान

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह खेती झारखंड के कुछ लोग कर रहे थे। खेत गांव के रूपदेव भगत और कौशल भगत का बताया जा रहा है, जिसे झारखंड के लोगों ने किराए पर लेकर अफीम की खेती की थी। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि उन्हें खेत में अफीम की खेती होने की जानकारी तो थी, लेकिन उन्हें यह पता नहीं था कि यह अवैध है। हाल ही में दुर्ग जिले में अफीम की खेती के मामले में कार्रवाई होने के बाद ग्रामीणों को इसकी गैरकानूनी प्रकृति का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। (Opium Cultivation in Balrampur)

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और खेतों में लगी फसल की जांच की। जांच के दौरान अफीम के डोडे पूरी तरह तैयार पाए गए और कई डोडों पर चीरा भी लगाया गया था, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उनसे अफीम निकालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई थी, जिस इलाके में अफीम की खेती मिली है, वह झारखंड सीमा से सटा हुआ जंगल क्षेत्र है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि खेतों की सिंचाई के लिए जंगल की ओर बने चूहीदाह नाले के स्टॉप डैम से पंप लगाकर पानी लाया जाता था।

ग्रामीणों के मुताबिक झारखंड से आए लोगों ने पहले खेत मालिकों से कहा था कि वे यहां फूलों की खेती करेंगे। इसी बहाने उन्होंने जमीन लीज पर ली और बाद में वहां अफीम बो दी। ग्रामीणों के मुताबिक झारखंड के लोगों ने जमीन लेने से पहले जशपुर जिले के राझाडीपा गांव के रहने वाले एक भाजपा नेता से भी संपर्क किया था। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे एंगल की जांच कर रही है। अफीम की खेती की देखरेख के लिए झारखंड से 5-6 लोगों को लाया गया था।

ये लोग खेत के पास ही झोपड़ी बनाकर रहते थे। पुलिस ने इनमें से 5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल बलरामपुर के त्रिपुरी के सरनाटोली गांव में मिली अफीम की खेती किसके निर्देश पर और किस नेटवर्क के तहत की जा रही थी, इसकी जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकता है।

इधर, दुर्ग जिले में भी अफीम की अवैध खेती के मामले में लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस और प्रशासन ने आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके खेत से अब तक करीब 65 हजार किलोग्राम अफीम की फसल जब्त की है। दुर्ग जिले में कार्रवाई के दौरान विनायक ताम्रकार के भाई बृजेश ताम्रकार की अवैध दुकान को भी प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि समोदा गांव में बृजेश ताम्रकार ने करीब 32 डिसमिल सरकारी जमीन पर पिछले 20 साल से कब्जा कर रखा था, जहां उसने बिल्डिंग मटेरियल की दुकान बना ली थी।

ग्रामीणों के अनुसार इस अवैध निर्माण को हटाने का आदेश साल 2013 में ही दिया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी थी। मंगलवार 10 मार्च 2026 को पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जा हटा दिया। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अवैध अफीम की इस खेती के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कितना बड़ा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि प्रदेश में कहीं भी अवैध अफीम की खेती बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



