जगदलपुर में 108 नक्सलियों ने किया सरेंडर, 3.61 करोड़ कैश, 1 किलो सोना और 101 हथियार बरामद, कांकेर के कोयलीबेड़ा में मुठभेड़

Naxalite Surrender in Jagdalpur: बस्तर के जगदलपुर स्थित शौर्य भवन में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) से जुड़े 108 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की। आत्मसमर्पण करने वालों में 44 महिला नक्सली कैडर भी शामिल हैं, जिन पर कुल 3 करोड़ 29 लाख रुपए का इनाम घोषित था। सरेंडर के दौरान नक्सली अपने साथ भारी मात्रा में नकदी, सोना और हथियार लेकर आए, जिसे उन्होंने पुलिस के हवाले कर दिया।
यह भी पढ़ें:- नवा रायपुर में ‘आदि परब-2026’ का भव्य आयोजन, 43 जनजातियों की संस्कृति और परिधान एक मंच पर
सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के ठिकानों से 3 करोड़ 61 लाख रुपए नकद, लगभग 1.64 करोड़ रुपए कीमत का 1 किलोग्राम सोना और 101 हथियार बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि यह रकम नक्सलियों ने लेवी वसूली के जरिए इकट्ठा की थी। जगदलपुर में आयोजित आत्मसमर्पण कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने सरेंडर करने वाले नक्सलियों का रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत किया। समाज के प्रमुख लोगों ने उन्हें संविधान की पुस्तक और गुलाब का फूल देकर मुख्यधारा में वापसी का संदेश दिया। कई सरेंडर नक्सली अपने हाथों में भारतीय संविधान की किताब लिए भी नजर आए। (Naxalite Surrender in Jagdalpur)

बड़े नक्सली नेताओं ने भी किया सरेंडर
सरेंडर करने वालों में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी और अलग-अलग डिवीजन से जुड़े कई बड़े कैडर शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से पश्चिम बस्तर डिवीजन के DVCM राहुल तेलाम, पंडरु कोवासी और झितरु ओयाम, पूर्व बस्तर डिवीजन के DVCM रामधर उर्फ बीरु, उत्तर बस्तर डिवीजन के DVCM मल्लेश, PLGA बटालियन नंबर-01 के CYPC कमांडर मुचाकी और आंध्र-ओडिशा बॉर्डर (AOB) क्षेत्र के DVCM कोसा मंडावी शामिल हैं। इन नक्सलियों के आत्मसमर्पण से पूर्वी बस्तर डिवीजन के समाप्त होने की बात कही जा रही है।

101 हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
नक्सलियों के सौंपे गए और उनकी निशानदेही पर बरामद हथियारों में 7 AK-47 राइफल, 10 INSAS राइफल, 5 SLR राइफल, 4 LMG राइफल, 20 .303 राइफल और 11 BGL लॉन्चर शामिल हैं। इसके अलावा अन्य हथियारों को मिलाकर कुल 101 हथियार बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबलों के मुताबिक यह कार्रवाई कमजोर पड़ चुके नक्सल संगठन के खिलाफ एक बड़ी सफलता है। पुलिस के मुताबिक आत्मसमर्पण से पहले नक्सलियों ने बस्तर पुलिस से संपर्क कर अपने पास नकदी और सोना होने की जानकारी दी थी। अब आत्मसमर्पण के बाद उनसे पूछताछ की जाएगी कि 1 किलो सोना कहां से आया और उन्हें आर्थिक मदद कौन देता था।
26 महीनों में 2714 नक्सलियों ने छोड़ी हिंसा
छत्तीसगढ़ के DGP अरुण देव गौतम ने कहा कि नक्सल विरोधी अभियान के इतिहास में यह सबसे बड़ी सफलताओं में से एक है। उन्होंने बताया कि पिछले 26 महीनों में कुल 2714 नक्सली कैडरों ने हिंसा छोड़कर मुख्यधारा का रास्ता अपनाया है। इसी बीच कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा इलाके से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों तरफ से करीब आधे घंटे तक फायरिंग हुई। हालांकि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जिले के SP निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। (Naxalite Surrender in Jagdalpur)

2027 तक केंद्रीयबलों की वापसी की योजना
सरेंडर करने वाले नक्सलियों को राज्य सरकार की ‘पूना मारगेम योजना’ के तहत पुनर्वास का लाभ दिया जाएगा। पुलिस ने अपील की है कि जंगलों में बाकी सक्रिय नक्सली भी समय रहते आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में शामिल हों। इधर, डिप्टी CM और गृह मंत्री विजय शर्मा ने विधानसभा में कहा है कि बस्तर क्षेत्र में तैनात अधिकांश केंद्रीय सुरक्षाबलों को 31 मार्च 2027 तक वापस बुलाने की योजना है। उन्होंने बताया कि राज्य में 31 मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके बाद केंद्रीय बलों की चरणबद्ध वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। (Naxalite Surrender in Jagdalpur)



