Google Analytics —— Meta Pixel

मिडिल ईस्ट तनाव का असर, छत्तीसगढ़ में LPG को लेकर बढ़ी चिंता, रायपुर में 15 से ज्यादा रेस्टोरेंट बंद

LPG Crisis in Chhattisgarh: मिडिल ईस्ट में युद्ध के चलते देश में एलपीजी सप्लाई को लेकर बन रहे संकट का असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं। रायपुर में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई बाधित होने के कारण 15 से ज्यादा बड़े रेस्टोरेंट और ढाबे बंद हो गए हैं, जबकि कई होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को अपने खाने के मेन्यू को आधा करना पड़ा है। बताया जा रहा है कि छोटे और मध्यम वर्ग के होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के पास सिर्फ 3 से 4 दिन का ही गैस सिलेंडर स्टॉक बचा है। ऐसे में समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिलने से होटल और ढाबा संचालकों में चिंता बढ़ गई है। डिमांड ज्यादा होने की वजह से गैस एजेंसियां समय पर डिलीवरी नहीं दे पा रही हैं।

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में अफीम की खेती पर सियासत गरम, कांग्रेस का प्रदेशभर में भाजपा कार्यालयों का घेराव, कई जगह पुलिस से झूमाझटकी

रायपुर के एक ढाबा संचालक ने बताया कि उन्हें कई दिनों से कमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जिसके कारण उन्हें अपना रेस्टोरेंट बंद करना पड़ा। उन्होंने कहा कि सिलेंडर मिलने के बाद ही ढाबा दोबारा खोला जाएगा। वहीं लगातार बंदी की स्थिति बनी रही तो ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों की रोजी-रोटी पर भी संकट गहराने की आशंका है। मुंगेली जिले में भी एलपीजी सिलेंडरों की किल्लत के संकेत मिलने लगे हैं। यहां गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखी गई हैं, जहां पहले 20 दिन में गैस सिलेंडर मिल जाता था, वहीं अब उपभोक्ताओं को 30 दिन तक इंतजार करने की बात कही जा रही है। (LPG Crisis in Chhattisgarh)

बिलासपुर में कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई

गैस गोदाम के कर्मचारियों का कहना है कि स्टॉक कम आने के कारण सप्लाई करने में दिक्कत हो रही है। हालांकि गैस एजेंसी संचालकों का दावा है कि सिलेंडरों की कोई वास्तविक कमी नहीं है और कंपनी की ओर से पर्याप्त सप्लाई की जा रही है। उन्होंने उपभोक्ताओं से घबराने या पैनिक बुकिंग करने से बचने की अपील की है। इधर, बिलासपुर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की सूचना पर खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग को सूचना मिली थी कि एक एजेंसी की ओर से अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बनाई जा रही है। सूचना मिलते ही टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की।

जांजगीर-चांपा में होटलों पर छापेमारी

जांच के दौरान रिहायशी इलाकों के हॉस्टल और व्यावसायिक दुकानों में बड़ी संख्या में घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर छिपाकर रखे गए पाए गए। कार्रवाई के दौरान 75 से ज्यादा गैस सिलेंडर जब्त किए गए।जब्त सिलेंडरों में 70 खाली घरेलू सिलेंडर, 2 भरे हुए घरेलू सिलेंडर और 3 खाली कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं। फिलहाल खाद्य विभाग ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांजगीर-चांपा जिले में भी घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग के खिलाफ खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर कई होटलों और ढाबों में छापेमारी की गई। (LPG Crisis in Chhattisgarh)

बालोद में जिला प्रशासन की बैठक 

चांपा के करणी भोजनालय, पंजाब हवेली, जलाराम भोजनालय और होटल सुमित इन की जांच की गई। स्टेशन रोड स्थित होटल श्री गणेश में घरेलू गैस से खाना बनाते हुए पकड़ा गया, जहां से 2 घरेलू सिलेंडर, रेगुलेटर, पाइप और चूल्हा जब्त किया गया। इसके अलावा रेलवे स्टेशन चांपा के होटल सोना में भी घरेलू गैस से नाश्ता बनाते हुए पाया गया, जहां से 2 सिलेंडर समेत अन्य सामान जब्त किया गया। जांजगीर के एक पराठा हाउस में भी घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पकड़ा गया। बालोद जिले में भी एलपीजी को लेकर बन रहे माहौल के बीच जिला प्रशासन ने गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक की। (LPG Crisis in Chhattisgarh)

जिले के 11 गैस एजेंसी संचालक शामिल

बैठक में जिले के 11 गैस एजेंसी संचालक शामिल हुए। जिला प्रशासन ने कहा कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और बुकिंग के चार दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। जिला खाद्य अधिकारी तुलसीराम ठाकुर ने कहा कि युद्ध की स्थिति के कारण लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुकिंग कर रहे हैं, जिससे वेबसाइट क्रैश होने जैसी स्थिति बन रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता के अनुसार ही गैस बुकिंग करें। प्रशासन ने गैस एजेंसियों को घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग रोकने और शैक्षणिक संस्थानों-छात्रावासों को कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि प्रदेश में फिलहाल घरेलू एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!