लभांडी प्राथमिक शाला में कक्षा 5 के विद्यार्थियों को भावभीनी विदाई, शिक्षकों ने कहा – “प्राथमिक शिक्षा ही जीवन की मजबूत नींव”
रायपुर। शासकीय प्राथमिक शाला लभांडी में कक्षा पांचवी के विद्यार्थियों के लिए भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की पूजा एवं वंदना के साथ हुई। इस अवसर पर प्रधान पाठक एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिक्षकों ने दिया प्रेरणादायी संदेश
समारोह के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राथमिक शिक्षा जीवन की आधारशिला होती है। यहीं से मिलने वाले संस्कार और शिक्षा बच्चों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख दी।

मुख्य अतिथि ने बच्चों को किया प्रोत्साहित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण निषाद ने विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, नियमित अध्ययन और माता-पिता व गुरुजनों के मार्गदर्शन का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।
बच्चों ने साझा किए अपने सपने
कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक विद्यार्थी ने अपने भविष्य के सपनों के बारे में शिक्षकों के सामने अपनी बात रखी और बताया कि वे आगे चलकर क्या बनना चाहते हैं। इस अवसर पर शिक्षकों ने बच्चों को उनके लक्ष्य के अनुरूप उचित मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

गेम्स और गतिविधियों से बढ़ा उत्साह
विदाई समारोह के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए मनोरंजक गेम्स और लर्निंग गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। इन गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
इन विद्यार्थियों को मिला सम्मान
समारोह में कल्पना बंजारे को मिस परफेक्ट तथा खिलेश्वर सेन को मिस्टर परफेक्ट चुना गया। वहीं सर्वश्रेष्ठ परिधान के लिए जिज्ञासा भारती और भूपेश यादव को पुरस्कृत किया गया।
बोर्ड परीक्षा के लिए दी गई शुभकामनाएं
कार्यक्रम के अंत में स्कूल परिवार से विदा हो रहे सभी विद्यार्थियों को स्मृति स्वरूप पुरस्कार एवं शैक्षणिक सामग्री भेंट की गई। साथ ही सोमवार से प्रारंभ होने वाली कक्षा पांचवी बोर्ड परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक देवेंद्र कुमार साहू ने किया। इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण निषाद, प्रधान पाठक रघुवीर निषाद, संकुल समन्वयक नीरज गुप्ता, पुरुषोत्तम बघेल, राकेश पुरी गोस्वामी, चम्पेश कुमार गंजीर, प्रीति चंद्राकर, देवकुमारी साहू, लक्ष्मी साहू सहित शाला के समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।



