Chhattisgarh News : मधुमक्खियों का खौफनाक हमला- खेत में काम कर रही महिला की मौत, कई महिलाएं घायल
Chhattisgarh News : दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र में मधुमक्खियों के हमले से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 4 से 5 महिलाएं घायल हो गईं। यह दर्दनाक घटना ग्राम पंचायत रूहा में हुई, जहां खेत में काम कर रही महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों का झुंड टूट पड़ा।
यह भी पढ़े :- ट्रंप का बड़ा बयान: परमाणु हथियार मिला तो ईरान तुरंत करेगा हमला, पूरा मध्य-पूर्व खतरे में
जानकारी के मुताबिक, गांव की महिलाएं रोज की तरह खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों का बड़ा झुंड वहां पहुंच गया और महिलाओं पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से महिलाएं घबरा गईं और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं, लेकिन तब तक कई महिलाओं को मधुमक्खियों ने बुरी तरह डंक मार दिया था।
इस हमले में 40 वर्षीय दुर्गा साहू, पति रामकुमार साहू, की हालत गंभीर हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें और अन्य घायल महिलाओं को Dhamdha Community Health Center पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दुर्गा साहू को मृत घोषित कर दिया। (Chhattisgarh News)
वहीं अन्य घायल महिलाओं का इलाज किया गया और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों के आसपास कई जगहों पर मधुमक्खियों के बड़े-बड़े छत्ते लगे हुए हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों और आसपास के इलाकों में लगे मधुमक्खियों के छत्तों को हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो सके। उनका कहना है कि खेतों में रोज किसान और मजदूर काम करने जाते हैं, इसलिए वहां सुरक्षा के इंतजाम जरूरी हैं। (Chhattisgarh News)



