आज विधानसभा का घेराव करेगी कांग्रेस, पायलट और बघेल समेत कई दिग्गज होंगे शामिल, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

Congress Assembly Gherao: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज कांग्रेस विधानसभा घेराव करने वाली है। यह प्रदर्शन मनरेगा का नाम बदलने, गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों और दूसरे कई मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। कांग्रेस का दावा है कि इस आंदोलन में प्रदेशभर से करीब 30 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता शामिल होंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट भी इसमें शामिल होने के लिए आज रायपुर पहुंचेंगे। तय कार्यक्रम के मुताबिक वे दोपहर 12:15 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे भारत माता चौक जाएंगे, जहां सभा का आयोजन किया गया है। इसके बाद वे दोपहर 12:30 बजे प्रदर्शन में शामिल होंगे और कांग्रेस नेताओं के साथ विधानसभा घेराव के लिए कूच करेंगे।
यह भी पढ़ें:- ट्रंप का बड़ा बयान: परमाणु हथियार मिला तो ईरान तुरंत करेगा हमला, पूरा मध्य-पूर्व खतरे में
PCC चीफ दीपक बैज ने बताया कि कांग्रेस मनरेगा बचाओ संग्राम के साथ-साथ कई जनहित मुद्दों को लेकर विधानसभा का घेराव कर रही है। इनमें बिजली दरों में बढ़ोतरी, किसानों के साथ धोखा, धान खरीदी में वादाखिलाफी, गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी, प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था और नशे के कारोबार जैसे मुद्दे शामिल हैं। कांग्रेस के इस प्रदर्शन में कई बड़े नेता शामिल होंगे। इनमें नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व डिप्टी CM TS सिंहदेव और पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस कार्यकर्ता राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित केनाल रोड पर भारत माता चौक में एकत्र होंगे। यहां सभा आयोजित की जाएगी, जिसके बाद दोपहर 12 बजे कार्यकर्ता विधानसभा की ओर कूच करेंगे और घेराव करेंगे।
घेराव को लेकर हुई बड़ी बैठक
इससे पहले 16 मार्च को रायपुर में कांग्रेस की बड़ी बैठक आयोजित की गई थी। यह बैठक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में हुई, जिसमें विधानसभा घेराव कार्यक्रम की रणनीति और तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, पार्षद, छाया पार्षद और पूर्व पार्षद भी शामिल हुए। बैज ने कहा कि प्रदेश के स्थानीय मुद्दों और मनरेगा बचाव संग्राम को लेकर यह घेराव किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे और यह आंदोलन ऐतिहासिक होगा। वहीं कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने विधानसभा घेराव को लेकर कांग्रेस पर निशना साधा है।
ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। मनरेगा को खत्म नहीं किया गया है। सिर्फ उसमें अन्य सुविधाएं और पूरे देशभर के नागरिकों के लिए रोजगार उत्पन्न किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने जिस सोच के साथ G-RAM-G योजना लाई हैं, इसकी देश में हर जगह प्रशंसा हो रही है। कांग्रेस वाले सिर्फ नाम की राजनीति करते हैं। हम काम की राजनीति करते हैं। विधानसभा घेराव को देखते हुए पुलिस ने राजधानी में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। केनाल रोड पर शांति नगर तिराहा से भारत माता चौक तक और भारत माता चौक से आनंद नगर चौक तक यातायात प्रभावित रहेगा। (Congress Assembly Gherao)
वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। पंडरी की ओर से आने वाले वाहन शांति नगर से मधु पिल्ले चौक होते हुए आईजी कार्यालय गली से शंकर नगर की ओर जा सकेंगे। वहीं आनंद नगर चौक से पंडरी जाने वाले वाहन भगत सिंह चौक, अंबेडकर चौक और ऑक्सीजोन मार्ग से आवाजाही कर सकेंगे। रायपुर में आज होने वाले इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है और प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क नजर आ रहा है। (Congress Assembly Gherao)



