Google Analytics —— Meta Pixel

रायपुर में सीवरेज टैंक में उतरे 3 सफाईकर्मियों की मौत, एक गंभीर, अस्पताल के बाहर जोरदार हंगामा

Death in Sewage Tank: राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल के पीछे बने सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से तीन सफाईकर्मियों की मौत हो गई। जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक सीवरेज टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ। सबसे पहले एक सफाईकर्मी टैंक में उतरा, जो गैस की वजह से बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए एक-एक कर अन्य तीन कर्मचारी भी नीचे उतरे, लेकिन वे भी गैस की चपेट में आ गए। चारों को तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें:- Indore Fire Tragedy – एक स्पार्क… और सब खत्म! 7 लोगों को जिंदा निगल गई आग, पढ़े पूरी खबर

मृतकों की पहचान अनमोल मांझी (25 साल), गोविंद सेंद्रे (35 साल) और सत्यम कुमार (22 साल) के रूप में हुई है। एक अन्य कर्मचारी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। रामकृष्ण अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक ये सभी श्रमिक एक बाहरी कॉन्ट्रैक्ट एजेंसी के माध्यम से तैनात थे और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में नियमित रखरखाव कार्य के दौरान यह हादसा हुआ।घटना के बाद अस्पताल परिसर के बाहर हालात तनावपूर्ण हो गए। मृतकों के परिजन बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच झूमाझटकी भी हुई। साथ ही कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव भी कर दिया। 

गोविंद सेंद्रे के भाई ने रोते हुए कहा-मेरा भाई मुझे लौटा दो। परिजनों को अस्पताल के अंदर जाने से रोके जाने पर उनका आक्रोश और बढ़ गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सफाईकर्मियों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण या पर्याप्त इंतजाम के सीवरेज टैंक में उतारा गया। जहरीली गैस के खतरे के बावजूद आवश्यक सावधानियां नहीं बरती गईं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन ने परिसर में किसी को प्रवेश नहीं करने दिया और मामले को दबाने की कोशिश की गई। (Death in Sewage Tank)

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब हादसे के कारणों के साथ-साथ लापरवाही के आरोपों की भी जांच कर रही है। रायपुर में हुआ यह हादसा न सिर्फ एक दुखद घटना है, बल्कि यह सीवरेज सफाई जैसे जोखिमभरे कार्यों में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी को भी उजागर करता है। तीन श्रमिकों की मौत और एक की गंभीर हालत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या उचित सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे और क्या निर्धारित नियमों का पालन किया गया ? यह घटना भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग करती है। (Death in Sewage Tank)

Back to top button
error: Content is protected !!