बस्तर में शिक्षा विभाग के 54 अधिकारी और कर्मचारियों को नोटिस जारी, बलरामपुर में लापरवाही पर 3 शिक्षक निलंबित

Action of Education Department: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। औचक निरीक्षण में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी गैरहाजिर मिले तो वहीं बलरामपुर जिले में लापरवाही और अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई की गई है। बस्तर जिले के जगदलपुर में शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक एच.आर. सोम और उप संचालक सी.एस. ध्रुव ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में DEO बलिराम बघेल समेत कुल 29 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के शहरों को 15वें वित्त आयोग से 195 करोड़, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
वहीं खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी BEO अनिल दास समेत 25 अधिकारी-कर्मचारी गैरहाजिर मिले। समय पर कार्यालय नहीं पहुंचने और कार्य के प्रति लापरवाही पर संयुक्त संचालक और उप संचालक ने गहरी नाराजगी जताई। इस पूरे मामले में कुल 54 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। शिक्षा विभाग ने कहा कि अगर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी संतोषजनक जवाब नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त संचालक एच.आर. सोम ने बताया कि कार्यालय में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए हैं। सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
बलरामपुर में भी शिक्षा विभाग की कार्रवाई
इधर, बलरामपुर जिले में भी शिक्षा विभाग ने लापरवाही पर सख्ती दिखाई है। शासकीय दायित्वों के निर्वहन में कोताही बरतने और अनुशासनहीनता के आरोप में एक प्रधानपाठक समेत दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक वाड्रफनगर विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला गैना के प्रधानपाठक आर.एन. कोल उपस्थिति दर्ज कराने के बाद स्कूल से गायब हो गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि वे गांव में शराब का सेवन करते हुए घूमते पाए गए। इस आचरण को पद की गरिमा के खिलाफ मानते हुए सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। (Action of Education Department)
दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी
वहीं बलरामपुर जिला शिक्षा अधिकारी के आकस्मिक निरीक्षण में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गैना के सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) खितेश कुमार पटेल 25 और 26 फरवरी को बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए। शासकीय प्राथमिक शाला गैना की प्रधानपाठक अनिता पटेल भी बिना अनुमति स्कूल से अनुपस्थित मिली। दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर दोनों को निलंबित कर दिया गया। बस्तर में एक तरफ जहां बड़ी संख्या में अधिकारियों की गैरहाजिरी ने विभागीय व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं बलरामपुर में की गई सख्त कार्रवाई यह संकेत देती है कि अब शिक्षा विभाग लापरवाही को लेकर किसी भी स्तर पर समझौता करने के मूड में नहीं है।



