सीतापुर के कर्मा एथनिक रिसॉर्ट पर सदन में घमासान, BJP विधायक ने अपने ही सरकार पर अधूरे काम और गलत जानकारी देने का लगाया आरोप

Karma Ethnic Resort Issue: छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रश्नकाल में सीतापुर स्थित कर्मा एथनिक रिसॉर्ट के निर्माण को लेकर जोरदार बहस देखने को मिली। बीजेपी विधायक राम कुमार टोप्पो ने पर्यटन विभाग पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की ओर से दिए गए जवाब और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। विधायक ने सदन में कहा कि विभाग की ओर से यह बताया गया है कि रिसॉर्ट का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि वास्तविकता में कई काम अब भी अधूरे पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सदन को गलत जानकारी दी जा रही है, जिससे भ्रम की स्थिति बन रही है।
यह भी पढ़ें:- हिंसा की राह छोड़ उम्मीदों की दौड़: बस्तर हेरिटेज मैराथन से गूंजेगा बदलाव का संदेश
इस पर जवाब देते हुए पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि परियोजना के तहत कुल 32 काम शामिल थे, जिन्हें साल 2019 से 2021 के बीच पूरा कर लिया गया। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट का ठेका TCIL कंपनी को दिया गया था और सभी निर्धारित कार्य पूरा कर लिए गए हैं। हालांकि विधायक टोप्पो ने मंत्री के जवाब पर फिर सवाल खड़े करते हुए पूछा कि जब सभी काम पूरे हो चुके हैं तो फेंसिंग और गार्ड रूम निर्माण की वास्तविक स्थिति क्या है और इन पर कितना खर्च हुआ। मंत्री अग्रवाल ने बताया कि गार्ड रूम का निर्माण 4.8 लाख रुपए और फेंसिंग का काम 95 लाख रुपए की लागत से पूरा किया गया है। इसके बावजूद विधायक टोप्पो ने दावा किया कि चेन फेंसिंग का काम अभी भी अधूरा है और गार्ड रूम भी पूरी तरह तैयार नहीं है।

उन्होंने कहा कि जब सभी दस्तावेजों में काम पूरा दर्शाया गया है तो जमीनी स्तर पर अधूरापन क्यों दिखाई दे रहा है। उन्होंने इसे विभागीय लापरवाही और गलत जानकारी देने का मामला बताया। मंत्री अग्रवाल ने सफाई देते हुए कहा कि पानी की कमी के कारण रिसॉर्ट का संचालन पूरी क्षमता से शुरू नहीं हो पाया है, हालांकि निर्माण काम पूरा हो चुका है। विधायक टोप्पो ने मेंटेनेंस कार्यों में भी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए पूछा कि क्या इसका संचालन स्व-सहायता समूहों को दिया जाएगा। इस पर मंत्री ने कहा कि विभाग बेहतर श्रमिकों की नियुक्ति कर पर्यटकों को सुविधाएं देने पर ध्यान दे रहा है और कम खर्च में अच्छी आय भी प्राप्त हो रही है। (Karma Ethnic Resort Issue)

विधायक ने भूमि क्षेत्र को लेकर भी विरोधाभास उजागर किया। विधायक ने कहा कि शीतकालीन सत्र में रिसॉर्ट का क्षेत्रफल 5.46 हेक्टेयर बताया गया था, जबकि अब 8 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन होने की बात कही जा रही है, जो स्पष्ट रूप से जानकारी में असंगति दर्शाता है। बता दें कि कर्मा एथनिक रिसॉर्ट को लेकर सवाल उठाने वाले विधायक राम कुमार टोप्पो सत्तारूढ़ बीजेपी के ही सदस्य हैं। ऐसे में सरकार के भीतर से ही उठे इन सवालों ने न सिर्फ निर्माण कार्यों की स्थिति, बल्कि विभागीय दावों की विश्वसनीयता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि सरकार इन मुद्दों पर क्या ठोस कार्रवाई करती है। (Karma Ethnic Resort Issue)



