नशे के खिलाफ रायपुर से ओडिशा तक ताबड़तोड़ कार्रवाई, करोड़ों का गांजा और हेरोइन जब्त

Ganja and Heroin Seized: देश में नशे के खिलाफ अभियान जारी है। इस बीच छत्तीसगढ़ की रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। वहीं ओडिशा पुलिस ने करोड़ों रुपए के गांजे को नष्ट कर नक्सलियों की कमर तोड़ने का दावा किया है। इसके साथ ही सारंगढ़, दुर्ग और धमतरी में भी गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के खिलाफ अपनी मुहिम में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पंजाब तक दबिश दी और मुख्य सरगना कवलजीत सिंह पन्नू, तरसेम सिंह, विक्की सिंह और जनक राज को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें:- Mahtari Vandan Yojana : आर्थिक संबल से आत्मविश्वास तक, सशक्त हो रही छत्तीसगढ़ की महिलाएं
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 13 ग्राम हेरोइन, एक बेरेटा गन और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से कुरियर और ट्रांसपोर्ट के जरिए रायपुर तक नशे की सप्लाई कर रहे थे। वहीं पड़ोसी राज्य ओडिशा में भी पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। 1 जनवरी 2025 से 28 फरवरी 2026 के बीच पुलिस ने 1,444 करोड़ रुपए की गांजा खेती को नष्ट किया, जबकि 1,346 करोड़ रुपए का गांजा जब्त किया गया। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से नक्सली संगठनों की फंडिंग पर सीधा असर पड़ा है। पहले जहां 12 जिलों में नक्सली सक्रिय थे, अब वे घटकर 2 से 3 जिलों तक सीमित रह गए हैं। गजपति, रायगढ़ा और कोरापुट जिलों में गांजा खेती में करीब 50% की कमी आई है।

125 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सरिया पुलिस ने 125 किलो 07 ग्राम गांजा के साथ 5 तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भुलुमुड़ा-सरिया मेन रोड पर घेराबंदी कर आर्टिगा और स्विफ्ट कार को पकड़ा। कार से 120 पैकेट में गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 12 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। कार, मोबाइल और अन्य सामान समेत कुल 33 लाख 45 हजार रुपए के सामान बरामद किए गए हैं। दुर्ग पुलिस ने भी गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जामुल के दिलावर अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी खेरदा तालाब के पास गांजा बेचने की फिराक में घूम रहा है। (Ganja and Heroin Seized)
2 लाख 93 हजार का गांजा जब्त
घेराबंदी कर तलाशी लेने पर उसके पास से 5 किलो 876 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 93 हजार रुपए बताई जा रही है। धमतरी जिले के अर्जुनी पुलिस ने भी गांजा बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मुखबिर की सूचना पर नवागांव कंडेल में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान 518 ग्राम गांजा, 2 मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 82 हजार 680 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में सोनराज साहू और रविकुमार चंद्राचल शामिल हैं। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि पुलिस अब नशे के कारोबार पर पूरी तरह सख्त हो चुकी है। इंटरस्टेट नेटवर्क से लेकर लोकल सप्लायर तक, हर स्तर पर ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी है, जिससे न सिर्फ नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लग रही है, बल्कि इससे जुड़े आपराधिक नेटवर्क पर भी बड़ा असर पड़ रहा है।



