छत्तीसगढ़ में हिंसा का तांडव, तीन जिलों में मारपीट, चाकूबाजी और तोड़फोड़ की घटना आई सामने
Crime in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से हिंसा की चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आई हैं, जहां मामूली विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। बिलासपुर में चखना सेंटर पर आर्मी जवान समेत तीन युवकों पर जानलेवा हमला किया गया तो वहीं बालोद में शादी समारोह के दौरान चाकूबाजी की घटना हुई। उधर बेमेतरा में घर में घुसकर लाखों की तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। इन सभी घटनाओं में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, लेकिन लगातार बढ़ती ऐसी वारदातें कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
यह भी पढ़ें:- नशे के खिलाफ रायपुर से ओडिशा तक ताबड़तोड़ कार्रवाई, करोड़ों का गांजा और हेरोइन जब्त
पहला मामला बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र का है, जहां शराब दुकान के पास संचालित एक चखना सेंटर में विवाद के बाद संचालकों ने आर्मी जवान समेत तीन युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। जानकारी के मुताबिक नरगोड़ा गांव का रहने वाला भरत लाल लोनिया शराब लेने सीपत स्थित भट्टी पहुंचा था। इसी दौरान चखना सेंटर संचालक अरविंद सिंह ठाकुर से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद संचालक ने अपने साथियों को बुलाकर रॉड, चाकू और बेल्ट से भरत लाल पर हमला कर दिया।
आर्मी जवान विनोद कुमार लोनिया घायल
हमले में भरत लाल लोनिया के कमर, सिर, कंधों और पैरों में गंभीर चोट आई है। बीच-बचाव करने पहुंचे कमल मिश्रा और आर्मी जवान विनोद कुमार लोनिया को भी आरोपियों ने निशाना बनाया। घटना के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीपत ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए सिम्स रेफर कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं बालोद के मटिया (बी) गांव में शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। डीजे पर डांस के दौरान शुरू हुई कहासुनी के बाद तीन युवकों ने एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। (Crime in Chhattisgarh)
पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, बाइक और मोबाइल जब्त किया है। इधर, बेमेतरा की सिटी कोतवाली पुलिस ने घर में घुसकर तोड़फोड़ करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। (Crime in Chhattisgarh)
कानून-व्यवस्था पर खड़े हो रहे सवाल
बता दें कि आरोपियों ने एक घर और वहां खड़े वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की थी, जिससे करीब 25 लाख रुपए का नुकसान हुआ था। पुलिस ने मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। फिलहाल मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों में सामने आई इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कई आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है, लेकिन लगातार बढ़ती हिंसक घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।



