Google Analytics —— Meta Pixel

खेलते-खेलते टंकी में गिरा बच्चा, कुछ ही पल में मौत के मुंह में समा गया मासूम, इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

Death by Drowning in Tank: राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में घर के आंगन में खेल रहे एक साल के मासूम की पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है, वहीं इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। यह घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी नगर गली नंबर-1 की है, जहां रोहित साहू का परिवार रहता है। रविवार को कुछ ही मिनटों की लापरवाही ने एक खुशहाल परिवार की दुनिया उजाड़ दी। बताया जा रहा है कि एक साल का त्रिराज साहू अपनी दादी श्यामबाई साहू के साथ घर में खेल रहा था। उसकी मां लता साहू काम पर गई हुई थी।

यह भी पढ़ें:- सुलह के नाम पर धोखा, फिर महिला की हत्या कर 10 लाख और सोना लूटा, 3 साल बाद हिस्ट्रीशीटर अहमदाबाद से गिरफ्तार

दादी ने उसे नहलाने के बाद बाहर तैयार किया, लेकिन इसी बीच वे कुछ काम से अंदर चली गई। इतने में मासूम खेलते-खेलते घर के पोर्च में बनी करीब 7 फीट गहरी पानी की टंकी के पास पहुंच गया। टंकी खुली हुई थी और पानी ऊपर तक भरा था। अनजाने में बच्चा उसमें गिर गया और किसी को भनक तक नहीं लगी। कुछ देर बाद जब दादी बाहर आई तो बच्चा नजर नहीं आया। उन्होंने घर और आसपास तलाश शुरू की, पड़ोसियों को बुलाया। यहां तक कि बच्चा चोरी होने के शक में पुलिस को भी सूचना दे दी गई। 112 की टीम मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगी। इसी दौरान एक पड़ोसी ने टंकी में देखने की सलाह दी।

बांस डालकर खोजबीन की गई, फिर एक युवक टंकी में उतरा और अंदर से मासूम का नन्हा हाथ मिला। यह देख हर किसी की रूह कांप गई। परिजन आनन-फानन में बच्चे को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे मेकाहारा रेफर किया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। त्रिराज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। मां लता साहू गहरे सदमे में हैं, उनका ब्लड प्रेशर लगातार गिर रहा है। पिता रोहित साहू और दादी श्यामबाई का रो-रोकर बुरा हाल है। (Death by Drowning in Tank)

खुली टंकी बनी मौत की वजह

दादी बार-बार बिलखते हुए कह रही हैं- मेरा हीरा, मेरा राम…मुझे छोड़कर चला गया। उनकी यह चीखें हर सुनने वाले की आंखें नम कर रही हैं। परिजनों के मुताबिक घर निर्माणाधीन है और पानी की टंकी पूरी तरह सुरक्षित नहीं थी। आमतौर पर उसे पाटे और ईंट से ढक दिया जाता था, लेकिन घटना वाले दिन पेंटिंग का काम चल रहा था। पेंटरों ने पानी निकालने के लिए ढक्कन हटाया और उसे खुला ही छोड़ दिया। यही लापरवाही मासूम की जान पर भारी पड़ गई। यह पहली घटना नहीं है। करीब दो महीने पहले मोवा इलाके में भी एक 4 साल की बच्ची की सेप्टिक टैंक में गिरकर मौत हो गई थी। कुछ मिनटों की चूक ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए खत्म कर दी। यह हादसा एक कड़वी सीख भी है कि घर में बने ऐसे खतरनाक स्थानों की सुरक्षा में जरा सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।

Back to top button
error: Content is protected !!