Google Analytics —— Meta Pixel

सुलह के नाम पर धोखा, फिर महिला की हत्या कर 10 लाख और सोना लूटा, 3 साल बाद हिस्ट्रीशीटर अहमदाबाद से गिरफ्तार

Shakuntala Devi Murder Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साल 2021 में हुए चर्चित शकुंतला देवी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुजरात के अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने इस मामले के मुख्य आरोपी अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले तीन सालों से फरार था और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। गिरफ्तार आरोपी कोई साधारण अपराधी नहीं, बल्कि अहमदाबाद का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अजय कुमार उर्फ लक्ष्मीसागर उर्फ राजनारायण मिश्रा है। 21 मार्च 2026 को क्राइम ब्रांच ने उसे पकड़ने में सफलता हासिल की। इस गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस की एक टीम अहमदाबाद के लिए रवाना हो गई है। पूछताछ के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया जाएगा।

यह भी पढ़ें:- महासमुंद रोपवे हादसे पर सियासत तेज, CM साय बोले- होगी जांच, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

क्या है पूरा मामला ?

यह मामला अक्टूबर 2021 का है, जब रायपुर के पटेल चौक स्थित एक बंद मकान में शकुंतला देवी का शव संदिग्ध हालत में मिला था। जांच में सामने आया कि शकुंतला देवी का अपने बड़े बेटे अजय यादव के साथ संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के लिए उन्होंने और उनके छोटे बेटे अमित यादव ने आरोपी अजय कुमार से संपर्क किया था। अमित यादव और आरोपी अजय कुमार पहले एक अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में साथ काम कर चुके थे। भरोसे के चलते अमित ने अपने बड़े भाई से समझौता कराने के लिए आरोपी को 4 लाख रुपए नकद दिए थे। साथ ही 10 हजार रुपए एडवांस भी दिया गया था, लेकिन पैसे लेने के बाद आरोपी फरार हो गया। जब शकुंतला देवी उसे खोजते हुए उसके गांव तक पहुंची तो आरोपी ने बदला लेने और लूट की साजिश रच डाली।

गला घोंटकर हत्या, फिर लूट

आरोपी अजय अपने साथी केतन उर्फ केटी के साथ रायपुर पहुंचा और शकुंतला देवी के घर में ही ठहर गया। मौका मिलते ही दोनों ने महिला का गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने घर से करीब 10 लाख रुपए नकद और 30-35 तोला सोना लूट लिया। पुलिस के मुताबिक लूटे गए सोने को आरोपी ने उत्तर प्रदेश के कौशांबी में एक सराफा व्यापारी को बेच दिया। पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने बेहद चालाकी से अपनी पहचान छिपाई। उसने मोबाइल, पैन कार्ड और आधार कार्ड का इस्तेमाल पूरी तरह बंद कर दिया था। वह लगातार शहर बदलता रहा। पहले गोवा, फिर अहमदाबाद और बाद में मुंबई में छिपकर रह रहा था। (Shakuntala Devi Murder Case)

3 साल तक अंधेरे में रही जांच

टिकरापारा थाने में दर्ज इस हत्या के मामले को पुलिस ब्लाइंड केस मानकर जांच कर रही थी। तीन साल के दौरान कई थाना प्रभारियों का तबादला हुआ, लेकिन पुलिस आरोपी तक नहीं पहुंच सकी। केस डायरी में सिर्फ एक संदिग्ध का जिक्र था। अब अहमदाबाद पुलिस से मिली सूचना के बाद रायपुर पुलिस ने इस फाइल को फिर से खोल दिया है। रायपुर कमिश्नरेट के एडिशनल डीसीपी वेस्ट राहुल देव शर्मा ने बताया कि अहमदाबाद पुलिस ने संदिग्ध की गिरफ्तारी की सूचना दी थी, जिसके बाद एक विशेष टीम को वहां भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया जाएगा। टीम के लौटने के बाद मामले में पूरी जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल इस गिरफ्तारी से तीन साल पुराने हत्याकांड की गुत्थी सुलझने की उम्मीद बढ़ गई है। (Shakuntala Devi Murder Case)

Back to top button
error: Content is protected !!