Google Analytics —— Meta Pixel

अफीम, नक्सल और विदेश नीति पर सीएम का बड़ा बयान, बोले – अवैध खेती बर्दाश्त नहीं, आत्मसमर्पण सकारात्मक संकेत

Chhattisgarh News : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अफीम की अवैध खेती, विदेश नीति और नक्सल समस्या जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सख्त और स्पष्ट रुख पेश किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में किसी भी कीमत पर अवैध अफीम की खेती को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें शामिल लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़े :- बस्तर में नक्सलवाद को बड़ा झटका: पापाराव समेत 18 नक्सलियों ने किया सरेंडर

सीएम साय ने बताया कि दुर्ग जिले में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद सभी जिलों के कलेक्टरों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस द्वारा कई स्थानों पर कार्रवाई कर अवैध खेती को चिन्हांकित किया गया है। उन्होंने दो टूक कहा कि चाहे कोई कितना भी प्रभावशाली व्यक्ति क्यों न हो, कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तय है। इस संबंध में कलेक्टरों की बैठक लेकर स्थिति की समीक्षा भी की गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है। (Chhattisgarh News)

विदेश नीति को लेकर विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत की विदेश नीति मजबूत और प्रभावी है, जिसके चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए अवसर खुले हैं और देश के लिए गैस व तेल की आपूर्ति भी सुगम हुई है।

वहीं नक्सल समस्या पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, विशेषकर नरेंद्र मोदी और अमित शाह का स्पष्ट संकल्प है कि देश से नक्सलवाद का पूर्ण उन्मूलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक लगातार नक्सलियों के आत्मसमर्पण की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिनमें पापाराव जैसे बड़े नक्सली भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने इसे राज्य और देश के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि सरकार नक्सल उन्मूलन की दिशा में लगातार और ठोस प्रयास कर रही है। (Chhattisgarh News)

Back to top button
error: Content is protected !!