बस्तर में नक्सलवाद को बड़ा झटका: पापाराव समेत 18 नक्सलियों ने किया सरेंडर

Anti Naxal Operation : छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। दंडकारण्य क्षेत्र में सक्रिय नक्सल संगठन की सब-जोनल कमेटी के सदस्य और साउथ सब-जोनल ब्यूरो के इंचार्ज पापाराव ने अपने 17 साथियों के साथ आत्मसमर्पण कर दिया।
इस समूह में कुल 18 नक्सली शामिल हैं, जिनमें 7 महिला कैडर भी हैं। सरेंडर करने वालों में डीवीसीएम प्रकाश मड़वी और डीवीसीएम अनिल ताती जैसे सक्रिय सदस्य भी शामिल हैं।
बताया गया कि 24 मार्च को हुए इस सामूहिक आत्मसमर्पण के दौरान सभी नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर शांतिपूर्ण जीवन अपनाने की इच्छा जताई। उन्होंने अपनी AK-47 राइफलें सहित कई आधुनिक हथियार भी पुलिस के सामने जमा किए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दंडकारण्य क्षेत्र में यह पहली बार है जब संगठन के नेतृत्व स्तर पर इतना बड़ा आत्मसमर्पण हुआ है, जिससे नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
अधिकारियों का कहना है कि सरकार की सख्त नीति, सुरक्षा बलों के लगातार ऑपरेशन और प्रभावी पुनर्वास योजना के चलते नक्सलियों में निराशा बढ़ी है। पापाराव जैसे वरिष्ठ नेता का सरेंडर संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। (Anti Naxal Operation)
सरकार ने सभी सरेंडर किए गए नक्सलियों के पुनर्वास की प्रक्रिया जल्द शुरू करने की बात कही है। पुलिस को उम्मीद है कि इससे प्रभावित होकर अन्य नक्सली भी जल्द मुख्यधारा में लौट सकते हैं। (Anti Naxal Operation)



