Google Analytics —— Meta Pixel

बिलासपुर में बर्ड फ्लू का कहर, प्रशासन अलर्ट, लापरवाही ने बढ़ाया खतरा

Bilaspur Bird Flu Alert: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में कोनी स्थित कुक्कुट पालन परिसर में बर्ड फ्लू वायरस की पुष्टि होने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है, लेकिन इस बीच कई गंभीर लापरवाहियां भी सामने आई हैं, जिसने स्थिति को और चिंताजनक बना दिया है। जानकारी के मुताबिक सरकारी पोल्ट्री फार्म में 16-17 मार्च के आसपास ही मुर्गियों की मौत शुरू हो गई थी। शुरुआत में करीब 100 मुर्गों की मौत को अधिकारियों ने नजरअंदाज कर दिया और इसे मौसम परिवर्तन का असर मान लिया। 

यह भी पढ़ें:- कलेक्टरों ने अफीम की खेती को लेकर सरकार को सौंपी सर्वे रिपोर्ट, करोड़ों की जब्ती, गैंग एंगल की भी जांच

बिना जांच के ही मृत पक्षियों को दफना दिया गया, जिससे संक्रमण फैलने की आशंका और बढ़ गई। इस दौरान पूरे संभाग में मुर्गियों, चूजों और अंडों की सप्लाई भी लगातार जारी रही। जब मौतों का आंकड़ा तेजी से बढ़ा, तब करीब 6 दिन बाद सैंपल जांच के लिए भेजे गए, जिसमें बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। इसके बाद प्रशासन हरकत में आया और बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की गई। अब तक करीब 5 हजार मुर्गियों समेत कुल 22,808 पक्षियों को नष्ट किया जा चुका है। इसके अलावा 25,896 अंडे, 17 हजार चूजे, 5 हजार बटेर, 600 बतख और 79 क्विंटल दाना भी नष्ट किया गया है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्र के 1 किलोमीटर के दायरे को इन्फेक्टेड जोन और 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन घोषित किया गया है। 

रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्डों में पोल्ट्री गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। जिले के सभी 284 पोल्ट्री फार्मों पर सख्ती से निगरानी रखी जा रही है और चेकपोस्ट बनाकर पक्षियों की आवाजाही नियंत्रित की जा रही है। संक्रमण रोकने के लिए जिला रैपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। स्वास्थ्य और पशु चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीमें डोर-टू-डोर सर्वे कर रही हैं। देवनंदन नगर क्षेत्र में 156 घरों के 636 लोगों की जांच की गई, जिसमें 9 लोग सर्दी-खांसी और बुखार से पीड़ित मिले हैं। हालांकि प्रशासन की कार्रवाई के बीच कई बड़ी लापरवाहियां भी सामने आई हैं। 

रोक के बाद भी संक्रमित मुर्गियों की बिक्री

खमतराई क्षेत्र में मरी हुई मुर्गियों को बोरियों में भरकर खुले में फेंक दिया गया, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा और बढ़ गया है। वहीं प्रतिबंध के बावजूद आसपास के गांवों में चिकन की बिक्री जारी है। संक्रमित मुर्गा 150 रुपए किलो और सामान्य मुर्गा 170 रुपए किलो तक बेचा जा रहा है। पशु चिकित्सा विभाग के संयुक्त संचालक जीएसएस तंवर ने स्वीकार किया कि स्टाफ की कमी के कारण निगरानी में दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने बताया कि 10 किलोमीटर के दायरे में बिक्री पर रोक है, लेकिन दुकानदार बार-बार दुकानें खोल ले रहे हैं। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग ने रणनीति बदलते हुए बिना लक्षण वाले लोगों की सैंपलिंग रोक दी है। (Bilaspur Bird Flu Alert)

5 से 10 दिनों के भीतर दिखते हैं लक्षण 

जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. प्रमोद तिवारी के मुताबिक बर्ड फ्लू के लक्षण 5 से 10 दिनों के भीतर दिखाई देते हैं, इसलिए संदिग्ध मामलों पर ही जांच की जाएगी। जिला प्रशासन का दावा है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन शुरुआती लापरवाही और मौजूदा निगरानी की कमजोरियों ने इस पूरे मामले को गंभीर बना दिया है। बर्ड फ्लू के इस बढ़ते खतरे के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सिस्टम की ये चूक आगे और भारी पड़ेगी, या फिर सख्ती और सतर्कता से हालात को पूरी तरह काबू में लाया जा सकेगा। अब देखना होगा कि जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होती है और क्या प्रशासन समय रहते इस संक्रमण की चेन को पूरी तरह तोड़ पाता है या नहीं।

Back to top button
error: Content is protected !!