कलेक्टरों ने अफीम की खेती को लेकर सरकार को सौंपी सर्वे रिपोर्ट, करोड़ों की जब्ती, गैंग एंगल की भी जांच

Afim Kheti Survey Report: छत्तीसगढ़ में अफीम की अवैध खेती और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर राज्य के सभी कलेक्टरों ने अफीम की खेती को लेकर सर्वे रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है, जिसके बाद कई जिलों में लगातार कार्रवाई सामने आ रही है। मुख्यमंत्री साय ने साफ कहा है कि सभी कलेक्टरों को सर्वे के निर्देश दिए गए थे और उसी का परिणाम है कि कई जगहों पर कार्रवाई हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि चाहे कोई कितना भी रसूखदार क्यों न हो, अवैध अफीम खेती या तस्करी में शामिल पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- IPS रतन लाल डांगी निलंबित, आपत्तिजनक फोटो वायरल होने पर राज्य सरकार ने की कार्रवाई
वहीं डिप्टी CM और गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि यह अवैध गतिविधियां कब से चल रही थी। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी पार्टी का व्यक्ति हो, इससे फर्क नहीं पड़ता, यहां व्यक्ति का नहीं कानून का राज है। साथ ही उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी कलेक्टरों ने विस्तृत जानकारी भेज दी है और जिन अंतिम जगहों पर कार्रवाई बाकी थी, वहां भी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। अगर किसी गैंग के शामिल होने की पुष्टि होती है तो उस पर भी कड़ी कार्रवाई होगी। इस बीच रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र के आमाघाट में पुलिस ने अफीम की अवैध खेती के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी सिप्रियन भेंगरा को झारखंड के खूंटी जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
लैलूंगा क्षेत्र में भी 3 नए मामले उजागर
इससे पहले मुख्य आरोपी मार्शल सांगा और सहयोगी एमानुएल भेंगरा को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने मौके से 60,326 अफीम पौधे और 3.02 किलो तैयार अफीम जब्त की, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 5 लाख रुपए आंकी गई है। रायगढ़ जिले में कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ रहा है। लैलूंगा तहसील के नवीन घटगांव, मुड़ागांव समेत अन्य क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने दबिश देकर तीन नए मामलों का खुलासा किया है। नवीन घटगांव में सादराम नागवंशी के खेत से 6.100 किलो सूखे अफीम पत्ते और 16 किलो डंठल जब्त, अभिमन्यु नागवंशी के घर से 14 किलो सूखी अफीम बरामद और मुड़ागांव में तानसिंह नागवंशी के पास से 4 किलो अफीम पोस्त जब्त की गई है।
दुर्ग के समोदा केस में आठवां आरोपी गिरफ्तार
तीनों मामलों में 61 किलो से ज्यादा अफीम और संबंधित सामग्री जब्त की गई है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब ड्रोन और फिजिकल निगरानी के जरिए क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है। इधर, दुर्ग जिले के समोदा में सामने आए अफीम मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले में आठवें आरोपी सुखराम बिश्नोई को राजस्थान के पीलवा गांव से गिरफ्तार किया गया है। वह दुर्ग के सिलोदा क्षेत्र में रहकर डोडा चूरा बेचने का काम करता था। इससे पहले इस मामले में बीजेपी नेता विनायक ताम्रकार समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाद में ढाबा संचालक विकास बिश्नोई की गिरफ्तारी के बाद उसकी निशानदेही पर सुखराम को पकड़ा गया।
दुर्ग में तस्करी नेटवर्क का खुलासा
पुलिस ने आरोपी के पास से 670 ग्राम डोडा चूरा, 18,540 रुपए नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और मोबाइल फोन बरामद किया है। दुर्ग जिले में ही एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने अफीम तस्करी नेटवर्क का खुलासा करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले कुम्हारी क्षेत्र से गुरमेल सिंह को गिरफ्तार किया गया था, जिसके पास से 403 ग्राम अफीम और 14.46 लाख रुपए बरामद हुए थे। जांच के दौरान बैंक ट्रांजैक्शन और दस्तावेजों के आधार पर झारखंड के गुमला के शिवप्रसाद साहू और रायपुर के रेशम सिंह को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से 11 ग्राम अफीम भी जब्त की गई थी। (Afim Kheti Survey Report)

राज्यभर में चल रही इन लगातार कार्रवाइयों से साफ है कि सरकार अफीम की अवैध खेती और मादक पदार्थों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के मूड में है। कलेक्टरों की रिपोर्ट के बाद प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर सख्ती बढ़ गई है, जिससे इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। कलेक्टरों की रिपोर्ट के बाद शुरू हुई इस मुहिम ने अवैध कारोबारियों की नींद उड़ा दी है। सरकार का संदेश साफ है-कानून से ऊपर कोई नहीं और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से अब यह लड़ाई सिर्फ खेती तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में बढ़ चुकी है। आने वाले समय में और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं।



