वैश्विक संकट के बीच फिर लौटा कोरोना का खतरा !, 25 देशों में फैला नया सब-वेरिएंट

Corona Returned Again 2026: कोरोना महामारी की डरावनी यादें अभी धुंधली भी नहीं हुई थी कि एक बार फिर दुनिया के सामने कोविड का नया सब-वेरिएंट उभरकर सामने आया है। ‘BA.3.2’ नाम का यह नया वेरिएंट, जिसे आम भाषा में ‘सिकाडा’ कहा जा रहा है, अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों में तेजी से फैलता नजर आ रहा है। हालांकि भारत में फिलहाल इसके बड़े खतरे की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वैश्विक स्तर पर बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ें:- आधी रात गैस सिलेंडर की चोरी: डिलीवरी टेंपो से 27 सिलेंडर पार, जांच में जुटी पुलिस
क्या है ‘सिकाडा’ वेरिएंट ?
कोरोना का यह नया रूप ओमिक्रॉन फैमिली का ही हिस्सा है, जो BA.3 सीरीज से जुड़ा हुआ है। यह वही सीरीज है, जो साल 2022 के बाद लगभग गायब हो गई थी। अब लंबे समय बाद इसका दोबारा सामने आना वैज्ञानिकों के लिए हैरानी का विषय बना हुआ है। ‘सिकाडा’ नाम इसे इसलिए दिया गया है, क्योंकि यह एक ऐसे कीड़े के व्यवहार से मेल खाता है, जो सालों तक जमीन के नीचे छिपा रहता है और फिर अचानक बाहर आता है, ठीक उसी तरह जैसे यह वेरिएंट अचानक उभरकर सामने आया है। (Corona Returned Again 2026)
क्यों बढ़ी चिंता ?
वैज्ञानिकों के मुताबिक BA.3.2 यानी ‘सिकाडा’ वेरिएंट में करीब 70-75 जेनेटिक म्यूटेशन पाए गए हैं, जिनमें से 50 से ज्यादा बदलाव इसके स्पाइक प्रोटीन में हैं। यही हिस्सा वायरस को शरीर की कोशिकाओं में प्रवेश करने में मदद करता है। इतने बड़े बदलावों के कारण यह वेरिएंट इम्युनिटी और वैक्सीन के असर को चकमा देने में सक्षम हो सकता है, जिससे दोबारा संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही इसके तेजी से फैलने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी गंभीरता को लेकर अभी अध्ययन जारी है। यही वजह है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे लेकर सतर्क हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है। इन कारणों से यह वेरिएंट स्वास्थ्य विशेषज्ञों के लिए चिंता का विषय बन गया है।
दुनिया में कहां-कहां फैला ?
इस वेरिएंट की पहली पहचान 22 नवंबर 2024 को दक्षिण अफ्रीका में हुई थी। इसके बाद यह धीरे-धीरे कई देशों में फैल गया। यह वेरिएंट अब 23 से ज्यादा देशों में फैल चुका है और अमेरिका के 25 राज्यों में इसके मामले सामने आ चुके हैं। यूरोप, डेनमार्क, जर्मनी और नीदरलैंड जैसे देशों में इसका असर देखा गया है। अमेरिका में इसका पहला मामला जून 2025 में एक अंतरराष्ट्रीय यात्री में मिला था, जिसके बाद धीरे-धीरे इसके फैलाव के संकेत बढ़ते गए। यह वेरिएंट वेस्ट वॉटर सैंपल में भी पाया गया, जिससे इसके सामुदायिक फैलाव के संकेत मिले हैं।
भारत में क्या है स्थिति ?
भारत में अभी तक BA.3.2 को लेकर कोई बड़ा खतरा सामने नहीं आया है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय यात्रा के चलते इसके आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। स्वास्थ्य एजेंसियां सतर्क हैं और निगरानी बनाए हुए हैं। WHO ने दिसंबर 2025 में इस वेरिएंट को Variant Under Monitoring (VUM) की श्रेणी में रखा है। यानी फिलहाल इस पर नजर रखी जा रही है, लेकिन इसे खतरनाक घोषित नहीं किया गया है। (Corona Returned Again 2026)
क्या डरने की जरूरत है ?
विशेषज्ञों के मुताबिक फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। शुरुआती रिसर्च में यह सामने आया है कि यह वेरिएंट भले तेजी से फैले, लेकिन यह पहले के ओमिक्रॉन वेरिएंट्स से ज्यादा घातक साबित होने के प्रमाण अभी तक नहीं मिले हैं, लेकिन इससे साफ कोरोना पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और वैश्विक तनाव के बीच इस वेरिएंट की तेजी से फैलने की क्षमता और इम्यूनिटी को चकमा देने की संभावना इसे एक गंभीर स्वास्थ्य संकट बना रही है। इसलिए दुनिया भर की स्वास्थ्य एजेंसियां सतर्क हैं और इसे लगातार निगरानी में रखे हुए हैं। ऐसे में सावधानी, सतर्कता और वैज्ञानिक निगरानी ही इस संभावित खतरे से निपटने का सबसे बड़ा हथियार है।



