नालंदा परिसर बना रणक्षेत्र…! MBBS छात्र पर सामूहिक हमला, सिर, पसली, कमर, पीठ और चेहरे पर गंभीर चोटें

रायपुर । रायपुर में देर रात MBBS छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना नालंदा परिसर (NIT के पास) की बताई जा रही है।
आधी रात हुआ हमला
पीड़ित छात्र अंजन पांडा, जो मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है और रायपुर के डगनिया इलाके में रहकर पढ़ाई कर रहा है, ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसने बताया कि 28 मार्च की रात करीब 12 बजे कुछ युवक आए, उसका कॉलेज और ईयर पूछकर चले गए।
दो दर्जन युवक लाठियों और लोहे की छड़ों के साथ लौटे
कुछ देर बाद वही युवक 20-25 लोगों के साथ वापस लौटे, जो कथित तौर पर नशे में थे। आरोप है कि हमलावरों में नमन जैन, रौनक जैन, ओज प्रकाश पांडे, नमन चौहान, हैदर और श्रेयांश शामिल थे। छात्र के अनुसार, आरोपियों ने लाठी-डंडे, लोहे के कड़े और लोहे की कुर्सी से हमला कर दिया। इस हमले में छात्र के सिर, पसली, कमर, पीठ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
कुछ आरोपी NSUI से जुड़े
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हमलावरों में कुछ युवक छात्र संगठन NSUI से जुड़े हुए हैं। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
CCTV से पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है। घायल छात्र का इलाज जारी है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।



