शाह के बयान से छिड़ी जंग, श्रेय को लेकर गरमाई सियासत, श्रेय, शहादत और सवालों की जंग

Politics on Shah Statement: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नक्सलवाद खत्म होने वाले दावे के बाद देश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, शिवसेना (UBT) समेत विपक्ष जहां शहादत और लंबी लड़ाई का हवाला देकर श्रेय साझा करने की बात कर रहा है, वहीं भाजपा इसे अपनी सरकार की निर्णायक जीत बता रही है। सवाल अब सिर्फ नक्सलवाद के खात्मे का नहीं, बल्कि उसके श्रेय, कारण और सियासी नैरेटिव का बन गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि नक्सलवाद खत्म हुआ, उसका स्वागत है, लेकिन इसके लिए शहादत किसने दी ? शहादत कांग्रेस ने दी, कांग्रेस का पूरा नेतृत्व इसके कारण खत्म हुआ। सलवा जुडूम कांग्रेस ने शुरू किया। हमारा पूरा नेतृत्व इसमें मार दिया गया, भाजपा की सरकार में मारा गया और आप हम पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की डेडलाइन पर सियासी संग्राम तेज, दावे, वार-पलटवार और आंकड़ों की जंग
इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस शहीदों की पार्टी है। आजादी के जंग में शहादत देने वाली कांग्रेस, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में शहादत देने वाली कांग्रेस, अपने पूरे नेतृत्व को खोने वाली कांग्रेस। कांग्रेस पर सवालिया निशान खड़ा करने से सवाल आप पर लगेगा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में जब भाजपा की सरकार थी और रमन सिंह मुख्यमंत्री थे तो उन्हीं के कार्यकाल में हमारे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को नक्सलियों ने मार दिया था। छत्तीसगढ़ में पूरी कांग्रेस पार्टी ही समाप्त हो गई थी। भाजपा ने पूरी तरह नक्सलवाद को आगे बढ़ाया है, उन्हें पाला-पोसा है और अब जब उन्हें लग रहा है कि हम उसे दूसरा रूप दे सकते हैं तो इन्हें अब उनके सफाया का काम किया है। समाजवादी पार्टी सांसद राजीव राय ने कहा कि ऐसे ही वे कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते थे। कोई हिंसा का समर्थन नहीं करता है। समाज में जाति, मजहब और कपड़ा देखकर अन्याय होता है। कोई बचपन से नक्सली पैदा नहीं होता है।
क्या आदिवासियों के हक की बात करना नक्सलवाद है ?: राजकुमार रोत
उन्होंने कहा कि अगर सरकार लगातार इसी तरह दमनकारी नीति अपनाए, भेदभाव करती रहे, लोगों में असमानता का भाव रहे, तो यह भाषणों में अच्छा लगता है, लेकिन जमीन पर हकीकत नजर नहीं आती। शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि जिस तरीके से UPA के कार्यकाल से नक्सलवाद पर कार्रवाई शुरू हुई थी और अब आकर खत्म होने का श्रेय ले रहे हैं तो उसमें केवल एक सरकार का योगदान नहीं हो सकता है। एक निरंतर प्रक्रिया होती है। कोई इस पर हक जमाए तो ये दुर्भाग्यपूर्ण है। भारत आदिवासी पार्टी नेता राजकुमार रोत ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का उन्मूलन हो जाएगा। नक्सलवादियों से आदिवासी समुदाय जुड़ा हुआ है। अगर वहां से कोई विस्थापित हुआ है तो वह आदिवासी है। भाजपा की ओर से किसी आदिवासी लीडर ने सदन में बात नहीं रखी। यह आदिवासियों से जुड़ा हुआ मुद्दा है। क्या आदिवासियों के हक की बात करना नक्सलवाद है ?
अर्धसैनिक बल ने नक्सल मूवमेंट की कमर तोड़ी: चंद्र शेखर आजाद
समाजवादी पार्टी के नेता छोटे लाल ने कहा कि नक्सलवाद के बढ़ने का असली कारण शिकायतों पर सुनवाई न होना था और इसी कारण नक्सलियों ने हथियार उठाए थे, वहां किसी प्रकार की सुनवाई नहीं है। जब तक वहां कॉलेजों की स्थापना नहीं होगी तब तक विकास नहीं हो पाएगा। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्र शेखर आजाद ने कहा कि ऐसी किसी भी विचारधारा का समर्थन नहीं किया जा सकता, जो देश को बांटे। हम फुले जी, साहू जी, अंबडेकर जी को मानने वाले लोग हैं। हम संविधान को प्राथमिकता देते हैं। कलम को शक्ति मानते हैं। बंदूक को शक्ति नहीं मानते हैं। हमने मांग उठाई कि अर्धसैनिक बल ने इस नक्सल मूवमेंट की कमर तोड़ी है। उनके शहादत होने पर उन्हें शहीद का दर्जा दिया जाए और उनके पुरानी पेंशन बहाल करनी चाहिए। हम चाहते हैं कि नक्सल मुक्त भारत बने, लेकिन इसके नाम पर किसी निर्दोष की हत्या न हो इसका सरकार को ध्यान रखना चाहिए। (Politics on Shah Statement)
राहुल गांधी खुद अर्बन नक्सल बन गए हैं: गिरिराज सिंह
वहीं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह के बयान को बहुत ध्यान से अगर सुनेंगे तो साफ हो जाता है। जब देश में वामपंथी उग्रवाद फैला तो उसमें आम लोगों की जाने गई। हमारे हजारों सुरक्षाकर्मियों की जानें गई। कांग्रेस के भी कई नेता-कार्यकर्ता मारे गए हैं। वहीं कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी वामपंथी उग्रवाद फैलाने वाले नेताओं से मिले हैं। सवाल केवल हमें नहीं करना है, कांग्रेस के नेता को कांग्रेस के कार्यकर्ता से सवाल करना चाहिए। केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने जो तथ्य रखें, वो सही हैं। मैं उनका धन्यवाद करता हूं, क्योंकि जनजातीय क्षेत्र में बहुत शांति आई है। नक्सलवाद का सबसे ज्यादा प्रभाव जनजातीय क्षेत्र में था। अब विकास में और तेजी आएगी। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि उन्होंने सच्चाई तथ्यों के साथ रखा है कांग्रेस नक्सलवाद और आतंकवाद की जननी है और जननी होते-होते अभी के नेता राहुल गांधी खुद अर्बन नक्सल बन गए हैं।
पूरे देश में नक्सलवाद खत्म हो चुका है: संजय सेठ
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मुझे लगता है भारत के लिए ऐतिहासिक दिन है। पहले जिस तरह से हमारे जवान शहीद हो रहे थे मुख्यमंत्री की हत्याएं हो रही थी मुझे लगता है कि देश के सबसे बड़ी आतंरिक सुरक्षा को कोई खतरा था वो उसी नक्सलवाद से था आज इससे मुक्ति मिली है तो मुझे इस बात संतोष है। शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने पूरे देश को जो 31 मार्च की डेडलाइन दी थी, उससे एक दिन पहले उन्होंने लोकसभा में उसके बारे में चर्चा करवाई। नक्सलवाद को पूरे देश से खत्म करने का काम किया गया। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गृह मंत्री अमित शाह ने आज पूरे रेड कॉरिडोर को पूरी तरह से खत्म करने का काम किया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से जो भी वादा किया, उसे पूरा किया है। प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का जो यह वादा था कि 31 मार्च से पहले नक्सलवाद को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा और आज हम स्थिति देख रहे हैं। कांग्रेस के शासन में स्थिति बहुत भयानक थी। आज झारखंड समेत पूरे देश में नक्सलवाद खत्म हो चुका है।
विकास के सारे काम ठप हो गए थे: आदित्य साहू
भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि नक्सलवाद को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जो भाषण था, वो ऐतिहासिक था। वो अविसमस्णीय था। वो सर्वव्यापी था और नक्सलवाद को कांग्रेस ने आगे बढ़ाया। गृहमंत्री ने दिखा दिया कि सोनिया गांधी के सलाहकार परिषद में कितने नक्सली बैठे थे तो उनका बहुत अभिनंदन कि उन्होंने देश के सामने ने सब स्पष्ट किया है। झारखंड भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद, बधाई देना चाहता हूं कि नक्सलवाद के विषय को उन्होंने बहुत प्रमुखता से लेने का काम किया। झारखंड के गांवों समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बहुत भय था। विकास के सारे काम ठप हो गए थे। नक्सल का इतना दबदबा था कि वे बात-बात पर झारखंड बंद का आह्वान करने थे, जब से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार आई है, उन्होंने जो कहा था कि 31 मार्च 2026 तक हम पूरे देश से नक्सलवाद खत्म करने का काम करेंगे वह हुआ।
नक्सलवाद का पूर्ण रूप से खात्मा हुआ: आदित्य साहू
उन्होंने कहा कि मैं नजदीकी रूप से देख रहा हूं कि झारखंड में नक्सलवाद का पूर्ण रूप से खात्मा हुआ है। कांग्रेस इतने सालों तक क्या कर रही थी ? उन्हें यह काम करने से किसने रोका था ? उत्तर प्रदेश के मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि भारत के गृहमंत्री अमित शाह को बधाई, जिन्होंने स्थानीय पुलिस और राज्य प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर, इन क्षेत्रों को जकड़े हुए गंभीर बीमारी नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने का काम किया है। इस समस्या का व्यवस्थित समाधान किया है और भारत को इससे मुक्त कराया है। केंद्रीय गृहमंत्री बधाई के पात्र हैं। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा वोटबैंक नीति और राजनीति को राष्ट्र नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से ऊपर रखती है, इसलिए इस्लामिक जिहादी आंतकवाद हो या नक्सवाल हो, इसपर उनका सॉफ्ट कॉर्नर रहा है। उन्होंने पशुपति से तिरुपति तक रेड कॉरिडर बनने दिया और नक्सलवाद का वैचारिक रूप से समर्थन किया। (Politics on Shah Statement)
नक्सलवाद के लिए जीरो टॉलरेंस: शहजाद पूनावाला
भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि आज वह रेड कॉरिडोर घटकर, कटकर, समाप्त होकर ग्रोथ कॉरिडोर बना है। आज नक्सलमुक्त भारत बन रहा है, यह इसलिए है, क्योंकि आज की प्रधानमंत्री मोदी की सरकार का एजेंडा है- नक्सलवाद के लिए जीरो टॉलरेंस। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक आदिवासी क्षेत्र को नक्सलवाद की भीषण आग में झंझोरकर रखा। उन्हें विकास से कोसो दूर रखा, जबकि प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने सुरक्षा और विकास, दोनों के जरिए इन क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ा। आज नक्सलवाद का आखिरी सांस पर होना इस बात का प्रमाण है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने एक निर्णायक लड़ाई जीती है। जबकि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में सिर्फ माओवादियों को सरंक्षण, अर्बन नक्सल को सरंक्षण, नक्सल को खाली ग्राउंड- यही देने का काम किया और उन्हें महामंडित, पोषित किया।
नक्सलवाद का इतिहास 55 साल से भी ज्यादा पुराना: जायसवाल
भाजपा सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री अमित शाह का आभार करता हूं। उन्होंने इस देश के लोगों को एक बहुत बड़ी समस्या से मुक्ति दिलाई है। अगर हम नक्सल-प्रभावित इलाकों के लोगों को देखें, तो उस इलाके के लोग इस समस्या में पिसते थे। अब लोग राहत की सांस ले रहे हैं। नक्सलवाद का इतिहास 55 साल से भी ज्यादा पुराना है। कल अमित शाह ने विस्तार से बताया कि कैसे ‘व्हाइट-कॉलर’ लोगों और कांग्रेस ने नक्सल मानसिकता के साथ इसे बढ़ाया। इस देश की 10% आबादी इस मुद्दे से सीधे तौर पर प्रभावित हुई है। मैं कहूंगा कि मोदी सरकार ने बहुत सारे काम किए हैं, लेकिन इस काम को मैं बहुत ऊपर रखूंगा, क्योंकि यह बहुत लोगों का विकास का मार्ग दिखाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का अभिनंदन करता हूं कि नक्सलवाद के खिलाफ बहुत दृढ़ता से उन्होंने लड़ाई लड़ी।
आज 31 मार्च है और नक्सलवाद समाप्त हो चुका: मनोज
भाजपा सांसद राजेश मिश्रा ने कहा कि मैं उन सभी सैनिकों को श्रद्धांजलि देता हूं, जो कि नक्सल हमलों में शहीद हुए। भविष्य में जब भी नक्सलवाद की समाप्ति का इतिहास लिखा जाएगा तो आज का दिन जरूर लिखा जाएगा। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आज 31 मार्च है और नक्सलवाद समाप्त हो चुका है। पूरे देश से नक्सलवाद की छुट्टी हो चुकी है, जो इक्का-दुक्का जो बचे भी होंगे वे सरेंडर कर चुके हैं या कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि आज पूरे देश में आम आदमी के मन में प्रसन्नता है। 12 करोड़ से ज्यादा की आबादी वाला क्षेत्रफल मुक्त होकर आज विकास की दिशा में आगे बढ़ने का काम कर रहा है। 24 अगस्त 2024 को देश के गृहमंत्री अमित शाह ने घोषणा की थी कि 31 मार्च 2026 तक प्रदेश और देश नक्सल हिंसा से मुक्त होगा। यह बहुत बड़ी सफलता है। (Politics on Shah Statement)
नक्सलमुक्त राज्यों में तेजी से होगा विकास: अरुण
बता दें कि कल लोकसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा था कि हमने 31 मार्च तक इस इलाके को नक्सल-मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा था। एक बार पूरी प्रक्रिया पूरा हो जाने के बाद, मैं देश को भी सूचित करूंगा, लेकिन मैं पूरे भरोसे के साथ कह सकता हूं कि हम सच में नक्सल-मुक्त हो गए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण ने कहा कि एक समय में 13 राज्य पूरी तरह नक्सलवाद से प्रभावित थे। लगभग 10-11 सालों में जिस तरह काम किया गया है, एक-एक गांवों को अपराधियों, आतंकियों से मुक्त किया गया है, सुरक्षित किया गया है, विकास कार्य किया गया है। स्कूल, अस्पताल, सड़कों को ठीक किया गया है। पिछली सरकार ने जो विकास को बाधित किया था उसका परिणाम नक्सलवाद था। मुझे इस बात की बहुत खुशी है कि हम नक्सलवाद से मुक्त हुए हैं और इन राज्यों का विकास अब और तेजी से होगा।



