Google Analytics —— Meta Pixel

स्वास्थ्य सचिव के नाम पर ठगी: मंत्रालय बुलाकर अस्पताल संचालकों से वसूली, प्रशासन अलर्ट

फर्जी ‘करीबी’ बनकर आरोपी करता था कॉल, कार्रवाई का डर दिखाकर मांगता था रकम; एफआईआर की तैयारी तेज

रायपुर। राजधानी सहित पूरे छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के नाम पर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक शातिर आरोपी ने स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया के नाम का दुरुपयोग कर खुद को उनका करीबी बताते हुए निजी अस्पताल संचालकों से पैसे की मांग की। मामले के उजागर होने के बाद प्रशासन और पुलिस अलर्ट हो गई है।

यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में वन्यजीवों की मौत पर बढ़ी चिंता, तीन साल में 562 जानवरों की मौत, 9 बाघ भी शामिल

जानकारी के अनुसार आरोपी खुद को ‘अजय अग्रवाल’ बताकर अस्पताल संचालकों को फोन करता था। वह दावा करता था कि संबंधित अस्पताल के खिलाफ मंत्रालय में शिकायत दर्ज है और कार्रवाई से बचाने या शिकायत दबाने के नाम पर मोटी रकम की मांग करता था।

मंत्रालय बुलाकर रचता था भरोसे का जाल

आरोपी केवल फोन कॉल तक सीमित नहीं था। वह संचालकों को मंत्रालय तक बुलाता था, जहां उन्हें गेट पर यह कहकर रोक दिया जाता कि अधिकारी बैठक में हैं। इस तरीके से आरोपी अपनी पहुंच का झूठा प्रभाव बनाकर लोगों का भरोसा जीतता था।

कई शहरों के अस्पताल निशाने पर

इस ठगी के जाल में भिलाई, दुर्ग और बिलासपुर समेत प्रदेश के कई निजी अस्पतालों को निशाना बनाया गया। अलग-अलग संचालकों ने ऐसे कॉल और दबाव की पुष्टि की है।

जांच में फर्जीवाड़ा उजागर

प्रारंभिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि स्वास्थ्य विभाग या सचिवालय में ‘अजय अग्रवाल’ नाम का कोई अधिकारी पदस्थ नहीं है। यानी आरोपी पूरी तरह फर्जी पहचान के जरिए ठगी को अंजाम दे रहा था।

पुलिस में शिकायत, कार्रवाई के निर्देश

स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया ने पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को पत्र लिखकर तत्काल एफआईआर दर्ज करने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसे विभाग की छवि खराब करने की साजिश बताया है।

विभाग ने जारी किया अलर्ट

घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों और संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। संदिग्ध कॉल आने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने और किसी भी प्रकार के लेन-देन से बचने की सलाह दी गई है।

यह मामला सरकारी अधिकारियों के नाम का दुरुपयोग कर ठगी करने की बढ़ती घटनाओं की गंभीर चेतावनी है। प्रशासन ने आम लोगों और संस्थानों से सतर्क रहने की अपील की है।

Back to top button
error: Content is protected !!