Google Analytics —— Meta Pixel

CG NEWS : पहले पीटा, फिर जिंदा दफनाया: प्रेम विवाद में युवक की निर्मम हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र में मुरूम गड्ढे में दफन मिले युवक के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में एक महिला और दो नाबालिग सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

यह भी पढ़े :- Fuel Crisis : तेल संकट में बदले सुर, जो दिखाते थे आंखें, अब भारत से मांग रहे ईंधन

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान नितेश बत्रा (29), निवासी माना, रायपुर के रूप में हुई है। उसकी गुमशुदगी पहले से ही माना थाने में दर्ज थी।

मुरूम गड्ढे में दफन मिला था शव

21 मार्च 2026 को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम भरेंगाभाठा के पास सड़क किनारे एक मुरूम गड्ढे में अज्ञात शव दफन है, जिसके हाथ-पैर बाहर दिखाई दे रहे थे। सूचना पर पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव का उत्खनन कराया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि मृतक के गले पर गंभीर चोट के निशान थे और उसे अधमरी हालत में दफनाया गया था। मिट्टी श्वास नली में जाने से उसकी मौत हुई, जिसे हत्या (हॉमीसाइड) माना गया।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी और सावित्री साहू के बीच प्रेम संबंध थे। मृतक नितेश बत्रा, सावित्री को लेकर आरोपी को परेशान करता था।

16 मार्च की रात नितेश, सावित्री के घर के पास पहुंचा, जहां उसकी श्याम सुंदर सोनी से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर श्याम सुंदर ने लकड़ी से हमला किया। इसके बाद उसने अपने साथियों को बुलाया और सभी ने मिलकर नितेश की बेरहमी से पिटाई की।

आरोपियों ने नितेश को ऑटो में बैठाकर अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर मारपीट की, गमछे से गला दबाया और बेहोश होने के बाद उसे मुरूम खदान में दफना दिया।

ऐसे पहुंची पुलिस आरोपियों तक

मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने गुमशुदगी रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान मुख्य आरोपी श्याम सुंदर सोनी और उसके साथियों की पहचान हुई।

गिरफ्तार आरोपी

श्याम सुंदर सोनी (21)
सुमित कोसले (21)
सावित्री साहू (21)
2 नाबालिग आरोपी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो, लकड़ी और अन्य सामग्री भी जब्त की है।

एक आरोपी फरार

मामले में एक अन्य आरोपी माइकल सैनी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Back to top button
error: Content is protected !!