Google Analytics —— Meta Pixel

खून से लाल हुआ पेंडरवा: तलवार हमले में महिला की हत्या, पूर्व सरपंच समेत आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के ग्राम पेंडरवा में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तलवार से किए गए हमले में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों का उपचार सिम्स अस्पताल में जारी है।

यह भी पढ़े :- CG NEWS : पहले पीटा, फिर जिंदा दफनाया: प्रेम विवाद में युवक की निर्मम हत्या, 5 आरोपी गिरफ्तार

विवाद ने लिया हिंसक रूप

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी सुरेश श्रीवास (46) अपने दो नाबालिग पुत्रों के साथ बदला लेने की नीयत से शेख सलीम के घर पहुंचा था। सलीम के घर पर मौजूद नहीं होने पर उसने उसकी मां मुराद बेगम (65) पर तलवार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हमले में परिवार के अन्य 6 सदस्य भी घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

अवैध संबंध के शक में विवाद

पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपी को अपनी पूर्व पत्नी और शेख सलीम के बीच संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर पहले भी विवाद हो चुका था। घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर विवाद बढ़ा और आरोपी ने हमला कर दिया।

पूर्व सरपंच पर उकसाने का आरोप

जांच में यह भी सामने आया है कि गांव के पूर्व सरपंच उमेश श्रीवास ने आरोपी को हिंसा के लिए उकसाया था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
एडिशनल एसपी (ग्रामीण) मधुलिका सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में चुनावी रंजिश के चलते इस साजिश की बात सामने आई है।

पुलिस की कार्रवाई

कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर मुख्य आरोपी, पूर्व सरपंच और दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!