Google Analytics —— Meta Pixel

महासमुंद बना तस्करी का ट्रांजिट हब, 5 दिन में 3 करोड़ से ज्यादा का गांजा जब्त, ओडिशा से मुंबई तक फैला नेटवर्क

Ganja Smuggling in Mahasamund: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ लगातार बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नेटवर्क की कमर तोड़ दी है। बीते 5 दिनों में जिले में करीब 3 करोड़ रुपए से ज्यादा का गांजा जब्त किया गया है। ताजा कार्रवाई में सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से 312 किलो से ज्यादा गांजा बरामद कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 9 अप्रैल को सिंघोड़ा पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा पर NH-53 स्थित रेहटीखोल चेकपोस्ट पर नाकाबंदी की। इसी दौरान कर्नाटक पासिंग ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

यह भी पढ़ें:- जमीन विवाद में युवक की हत्या, 5 दिन बाद भी अंतिम संस्कार नहीं, गांव में हालात तनावपूर्ण

जांच के दौरान ट्रक में छुपाकर रखी गई 9 बोरियों में 3 क्विंटल 12 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 56 लाख रुपए हैं। गांजा ओडिशा के सोनपुर से लाया गया था। इसे महाराष्ट्र के मुंबई में खपाने की तैयारी थी। पूरे मामले के पीछे एक बड़ा अंतरराज्यीय नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस ने मुख्य आरोपियों की निशानदेही पर ओडिशा के बरहमपुर से 3 अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। साथ ही 15 लाख कीमत की ट्रक, टोयोटा अर्बन क्रूजर कार और 2 मोबाइल जब्त किए गए हैं। इस तरह गांजा और जब्त सामानों की कीमत 1 करोड़ 71 लाख रुपए बताई जा रही है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। (Ganja Smuggling in Mahasamund)

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

  • जियाउल हक (सप्लायर, ओडिशा)
  • सुखविंदर उर्फ बुलबुल (ट्रांसपोर्टर, ओडिशा)
  • इम्तियाज खान (ड्राइवर, कर्नाटक)
  • रवि प्रकाश राउतकर (हेल्पर, मध्यप्रदेश)
  • नदीम अंसारी (सहयोगी, ओडिशा)

पिछले 5 दिनों में 3 करोड़ का गांजा जब्त

महासमुंद पुलिस के मुताबिक बीते कुछ दिनों में तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। 4 अप्रैल को महाराष्ट्र पासिंग लग्जरी वाहन से 1.40 करोड़ रुपए का गांजा बरामद किया गया था। वहीं 9 अप्रैल को कर्नाटक पासिंग ट्रक से 1.5 करोड़ रुपए का गांजा जब्त किया गया है। दोनों ही मामले सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के हैं, जो ओडिशा बॉर्डर के नजदीक होने के कारण तस्करी का प्रमुख रूट बन गया है। पुलिस के मुताबिक तस्कर छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र में गांजा सप्लाई करने की फिराक में थे, लेकिन चेकिंग के दौरान पकड़े गए। इन मामलों में मध्यप्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा और महाराष्ट्र के कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। (Ganja Smuggling in Mahasamund)

सारंगढ़ में भी कार्रवाई, कार छोड़कर फरार हुआ तस्कर

इधर, सारंगढ़ जिले में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक स्विफ्ट डिजायर कार में गांजा ले जाया जा रहा है। बोरिदा गांव के पास घेराबंदी की गई, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान 59 पैकेट में 62 किलो 245 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही कार को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ओडिशा बॉर्डर से लगे होने के कारण महासमुंद जिला तस्करों के लिए ट्रांजिट रूट बन गया है। हालांकि लगातार चेकिंग और सख्ती के चलते अब इस नेटवर्क पर बड़ी चोट की जा रही है। पुलिस की लगातार कार्रवाई से यह साफ है कि राज्य में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान तेज हो चुका है। अंतरराज्यीय गिरोहों की सक्रियता सामने आने के बाद जांच एजेंसियां अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुट गई हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!