मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की दो टूक, कहा- निजी स्कूलों की मनमानी नहीं की जाएगी बर्दाश्त
CM on Private Schools: छत्तीसगढ़ में निजी स्कूलों की मनमानी को लेकर सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है, सरकार पूरी तरह उनके साथ है और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता-संतुलन बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी भी स्कूल के खिलाफ शिकायत प्राप्त होती है और नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित संस्थान पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ के स्कूलों में होगा बड़ा बदलाव, रोज मंत्रोच्चार से होगी पढ़ाई की शुरुआत, सियासत भी तेज
CM साय ने यह भी दोहराया कि अभिभावकों पर अनावश्यक दबाव या अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इसी मुद्दे पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि स्कूलों के निजी प्रकाशकों की किताबें बेचने और मनमानी कीमत वसूलने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। इस पर कार्रवाई के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद सभी कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं। मंत्री यादव ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार स्कूलों में सिर्फ NCERT की किताबें ही पढ़ाई जानी चाहिए।

स्कूल शिक्षा मंत्री ने बताया कि पिछले साल भी इस संबंध में आदेश जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद कई जगहों पर निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें बेचे जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी गड़बड़ी मिलेगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि अगर किसी मामले में औपचारिक शिकायत न भी मिले, लेकिन जानकारी प्राप्त हो जाए तो भी जिला शिक्षा अधिकारियों को स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी होगी। कई जगहों पर जांच के दौरान छापेमारी भी की गई है। इस बीच सरगुजा जिले में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ ABVP ने जिला शिक्षा कार्यालय का घेराव किया। (CM on Private Schools)
लगातार सामने आ रही शिकायत
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि निजी स्कूल अभिभावकों को निश्चित दुकानों से ही किताबें, कॉपियां और ड्रेस खरीदने के लिए बाध्य करते हैं और इसके लिए दबाव भी बनाया जाता है। साथ ही इन वस्तुओं को ज्यादा कीमत पर बेचा जा रहा है, जिससे अभिभावक परेशान हैं। ABVP ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि पहले भी कुछ स्कूलों पर कार्रवाई की जा चुकी है और अब दोबारा मामला सामने आने पर जांच के लिए नई टीम गठित की जाएगी। बता दें कि प्रदेश के कई जिलों से निजी स्कूलों की मनमानी से जुड़ी शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, जिस पर सरकार अब कड़े कदम उठाने की तैयारी में है। (CM on Private Schools)



