Google Analytics —— Meta Pixel

कोंडागांव में टेंट कारोबारी की हत्या, अर्धनग्न हालत में खेत में दफन मिली लाश

Murder in Kondagaon: कोंडागांव जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां टेंट कारोबारी सुरेश चौहान (53) की हत्या कर दी गई। उनका शव हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे स्थित एक खेत में अर्धनग्न हालत में जमीन में दफन मिला है। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और उससे लगातार पूछताछ जारी है। दरअसल, शिरोमणि डेकोरेट टेंट के संचालक सुरेश चौहान 11 अप्रैल से लापता थे। परिजनों ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोंडागांव थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी थी।

यह भी पढ़ें:- हाईवे पर मौत का तांडव, महाराष्ट्र और गुजरात सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत, उजड़े कई परिवार 

तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने शहर और आसपास के करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे जांच में अहम सुराग मिलने लगे। पुलिस को जांच के दौरान कोंडागांव के विकास नगर ग्राउंड में खून से सनी एक बाइक बरामद हुई, जिससे केस में बड़ा मोड़ आया। इसके बाद तकनीकी साक्ष्य और CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पुलिस हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे स्थित एक खेत तक पहुंची, जहां से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जमीन में दफन शव बरामद हुआ।

कई एंगल से मामले की जांच में जुटी पुलिस

मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जमीन की खुदाई कराई तो वहां से सुरेश चौहान का शव मिला। शव को ऊपर से मिट्टी डालकर छिपाया गया था। शव अर्धनग्न अवस्था में था, जिससे मामले की गंभीरता और संदिग्ध परिस्थितियां और बढ़ गई हैं। घटनास्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कई एंगल से कर रही है, जिनमें लूटपाट, अफेयर या व्यक्तिगत रंजिश, जुआ और सट्टा से जुड़ा विवाद शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक मृतक के पास सोने की चेन, अंगूठी और नकदी होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे लूट के बाद हत्या की आशंका मजबूत हो रही है। (Murder in Kondagaon)

सुरेश चौहान कोंडागांव में एक प्रतिष्ठित टेंट व्यवसायी थे। वे शादीशुदा थे और उनके दो बेटियां और एक बेटा है। परिवार के मुताबिक उन्हें दंतेवाड़ा में एक बड़ा टेंट ऑर्डर मिला था और वे वहां जाने की तैयारी कर रहे थे। कोंडागांव एसडीओपी रूपेश कुमार ने बताया कि शव की पहचान सुरेश चौहान के रूप में हो चुकी है। एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच तेजी से की जा रही है। पुलिस अब इस केस में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। मृतक के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह मामला कोंडागांव थाना क्षेत्र का है और पुलिस इसे गंभीर हत्या और साजिश के रूप में जांच रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!