हाईवे पर मौत का तांडव, महाराष्ट्र और गुजरात सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत, उजड़े कई परिवार

Road Accident in India: देश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला महाराष्ट्र के ठाणे जिले का है, जहां मुर्बाड इलाके में सुबह करीब 10:45 बजे गोविली गांव स्थित रैता ब्रिज पर एक यात्री वैन और सीमेंट मिक्सर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन में सवार 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तहसीलदार अभिजीत देशमुख के मुताबिक घायलों को उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में 8 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं, जिनमें से 6 की पहचान हो चुकी है।
यह भी पढ़ें:- वार्ड अध्यक्षों की नई सूची जारी, फिर भी नहीं थम रहा विवाद, सोशल मीडिया पर फूटा कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं का गुस्सा
पुलिस के मुताबिक वैन कल्याण से मुर्बाड की ओर जा रही थी। यह वैन रोजाना यात्रियों को लाने-ले जाने का काम करती थी और स्थानीय लोगों के लिए एक नियमित परिवहन साधन थी। सोमवार सुबह भी वैन में ड्राइवर समेत 12-13 यात्री सवार थे। जैसे ही वैन रैता ब्रिज पर पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे सीमेंट मिक्सर ट्रक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयानक कि बचने का मौका नहीं मिला। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह चकनाचूर हो गई। अंदर बैठे यात्री बुरी तरह फंस गए। किसी को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। 9 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 2 लोगों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। (Road Accident in India)
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस के आने से पहले ही बचाव कार्य शुरू किया। वैन में फंसे लोगों को निकालने के लिए वाहन को गैस कटर से काटना पड़ा। शवों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को तुरंत उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद कल्याण-अहिल्यानगर रोड पर लंबा जाम लग गया। कई घंटों तक यातायात बाधित रहा, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। राहगीरों के मुताबिक दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। ब्रिज पर नियंत्रण खोने के कारण टक्कर हुई। टक्कर इतनी अचानक हुई कि ड्राइवर संभल नहीं पाए। (Road Accident in India)
गुजरात में श्रद्धालुओं को ट्रक ने कुचला, 7 की मौत
वहीं गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में लखतर-विरामगाम नेशनल हाईवे पर तड़के करीब 1:30 बजे एक ट्रक ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस इंस्पेक्टर योगेश पटेल के मुताबिक श्रद्धालुओं का एक समूह राजकोट से बहुचराजी माता मंदिर की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। मृतकों में 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। साथ ही सड़क किनारे खड़े एक डंपर चालक की भी जान चली गई। ट्रक चालक घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक श्रद्धालु सड़क किनारे चल रहे थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे को लेकर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह हादसा बेहद दुखद है और उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इन दोनों हादसों ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या तेज रफ्तार पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा ? क्या सड़क सुरक्षा नियमों का पालन नहीं हो रहा ? क्या हाईवे और ग्रामीण सड़कों पर निगरानी पर्याप्त है ? महाराष्ट्र और गुजरात के ये हादसे एक बार फिर याद दिलाते हैं कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी कितनी बड़ी त्रासदी बन सकती है। तेज रफ्तार, लापरवाही और नियमों की अनदेखी ने कई परिवारों को उजाड़ दिया।



