वार्ड अध्यक्षों की नई सूची जारी, फिर भी नहीं थम रहा विवाद, सोशल मीडिया पर फूटा कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं का गुस्सा
Congress Ward Presidents List: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शहर कांग्रेस की ओर से वार्ड अध्यक्षों की संशोधित सूची जारी करने के बाद भी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है, बल्कि नई सूची के बाद अब पार्टी के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ रहा है और सोशल मीडिया पर नेताओं-कार्यकर्ताओं की भड़ास लगातार देखने को मिल रही है। दरअसल, विवाद के बाद कांग्रेस ने वार्ड अध्यक्षों की नई संशोधित सूची जारी की, जिसमें 19 नामों में बदलाव कर संगठन ने संतुलन साधने की कोशिश की थी। कांग्रेस के संगठन महामंत्री मलकीत सिंह गैदू ने इस सूची को मंजूरी भी दे दी थी, जिससे माना जा रहा था कि विवाद खत्म हो जाएगा, लेकिन इसके उलट, नई सूची के बाद असंतोष और ज्यादा खुलकर सामने आने लगा है।
यह भी पढ़ें:- राजनीति से ऊपर उठकर हर दल ने महिलाओं के हित में अहम भूमिका निभाई है: PM नरेंद्र मोदी
नई सूची जारी होने के बाद कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। पोस्ट और टिप्पणियों के जरिए नियुक्तियों पर सवाल उठाए जा रहे हैं। कई कार्यकर्ता खुद को उपेक्षित बताए रहे हैं, तो कुछ ने चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। इन पोस्ट्स के वायरल होने से यह साफ हो गया है कि संगठन के भीतर मतभेद अभी भी गहरे हैं और केवल सूची में बदलाव से स्थिति सामान्य नहीं हुई है। यह विवाद पहले जारी की गई सूची से ही शुरू हुआ था। PCC चीफ दीपक बैज के निर्देश पर संगठन गठन की प्रक्रिया चल रही थी, इसी दौरान रायपुर शहर कांग्रेस ने जल्दबाजी में 66 वार्ड अध्यक्षों की सूची जारी कर दी थी। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सूची को अवैधानिक बताते हुए तत्काल रद्द कर दिया था, क्योंकि इसके लिए आवश्यक मंजूरी नहीं ली गई थी। इस फैसले के बाद संगठन के भीतर खींचतान और बढ़ गई थी।
नई सूची से भी नहीं बना भरोसा
संशोधित सूची जारी कर 19 नामों में बदलाव किया गया, लेकिन इससे असंतुष्ट गुटों का भरोसा पूरी तरह नहीं बन पाया। यही वजह है कि अब विरोध खुलकर सामने आ रहा है और सोशल मीडिया इसका प्रमुख माध्यम बन गया है। इसे लेकर कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए यह नया नहीं है। आपसी तालमेल और स्वभाव के चलते वह बंट चुकी है। एक कहावत है कि एक दिल के टुकड़े हजार हुए, कांग्रेस का वहीं हाल है। आजादी के बाद से कांग्रेस ने अलग-अलग दल बना लिए हैं। विचारधारा की कमी की वजह से कांग्रेस के कई टुकड़े हुए। कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं है। बीजेपी में बूथ स्तर से लेकर पीएम मोदी तक सभी समान है। (Congress Ward Presidents List)

वहीं कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार करते हुए भाजपा को अपने संगठन की स्थिति देखने की नसीहत दी। भाजपा को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए, जो पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को उसका हक नहीं देती हो, उसके नेताओं को बोलने का कोई हक नहीं। रायपुर में वार्ड अध्यक्षों की सूची को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सिर्फ सूची तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह संगठन के भीतर असंतोष और गुटबाजी के रूप में सामने आ रहा है। नई सूची जारी होने के बाद भी सोशल मीडिया पर जारी विरोध यह संकेत दे रहा है कि कांग्रेस के लिए यह मामला अभी पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। (Congress Ward Presidents List)



