Google Analytics —— Meta Pixel

राजनीति से ऊपर उठकर हर दल ने महिलाओं के हित में अहम भूमिका निभाई है: PM नरेंद्र मोदी

Nari Shakti Vandan Sammelan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित नेशनल लेवल के ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश की विकास यात्रा के इन अहम पड़ावों के बीच भारत 21वीं सदी के सबसे बड़े निर्णयों में से एक निर्णय लेने जा रहा है। मैं बहुत जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि 21वीं सदी के महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक महत्वपूर्ण निर्णय ये है। ये निर्णय नारी शक्ति को समर्पित है। नारी शक्ति वंदन को समर्पित है। हमारे देश की संसद एक नया इतिहास रचने के करीब है। एक ऐसा नया इतिहास, जो अतीत की संकल्पनाओं को साकार करेगा, जो भविष्य के संकल्पों को पूरा करेगा। एक ऐसे भारत का संकल्प जो समतामूलक हो, जहां सामाजिक न्याय केवल एक नारा न हो, बल्कि हमारी कार्य संस्कृति का, हमारी निर्णय प्रक्रिया का स्वाभाविक हिस्सा हो। 

यह भी पढ़ें:- छत्तीसगढ़ में लाल आतंक को बड़ा झटका, कांकेर में हार्डकोर महिला नक्सली रूपी रेड्डी ढेर, नक्सली लीडर विजय रेड्डी की थी पत्नी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राज्यों की विधानसभाओं से लेकर देश की संसद तक दशकों की प्रतीक्षा के अंत का समय 16, 17, 18 अप्रैल है। 2023 में नई संसद में हमने नारीशक्ति वंदन अधिनियम के रूप प्रथम कदम उठाया था। वह समय से लागू हो सके, महिलाओं की भागीदारी हमारे लोकतंत्र को मजबूती दे, इसके लिए 16 अप्रैल से संसद के बजट सत्र की विशेष बैठक का आयोजन होने जा रहा है और उससे पहले आज नारीशक्ति वंदन का ये कार्यक्रम, इसके जरिए हमें देश की कोटि-कोटि माताओं बहनों का आशीर्वाद मिल रहा है। लोकतांत्रिक संरचना में महिलाओं को आरक्षण देने की जरूरत दशकों से हर कोई महसूस कर रहा था। चर्चा भी होती थी इस विमर्श को करीब 4 दशक बीत गए। इसमें सभी पार्टियों और कितनी ही पीढ़ियों के प्रयास शामिल हैं। 

2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम आया था: PM मोदी

PM मोदी ने कहा कि हर दल ने इस विचार को अपने-अपने ढंग से आगे बढ़ाया है। 2023 में जब नारी शक्ति वंदन अधिनियम आया था, तब भी सभी दलों ने सर्वसम्मति से इसे पास कराया था और तब एक सुर में ये बात भी उठी थी कि हर हाल में 2029 तक ये लागू हो जाना चाहिए। हमारे विपक्ष के सभी साथियों ने जोर लगाया था कि 2029 में ये लागू होना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि जिस प्रकार से इस अधिनियम को पारित किया गया था और संसद का गौरव बढ़ा था। इस बार भी सबके सामूहिक प्रयास से संसद की गरीमा और नई ऊंचाइयों को छुएगी। देश की हर नारी को अच्छा लगेगा कि हर दल ने राजनीति से ऊपर उठकर उनके हित में ये महत्वपूर्ण निर्णय लिया और काम किया है। (Nari Shakti Vandan Sammelan)

पंचायतों में भागीदारी 50% तक पहुंच चुकी: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमारे देश में राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक महिलाएं जहां भी रही हैं उन्होनें अपनी अलग लिगेसी बनाई है। इस समय भी हमारे देश में राष्ट्रपति से लेकर वित्त मंत्री तक ऐसे अहम पद महिलाएं ही संभाल रही हैं। उन्होंने देश की गरिमा और गौरव दोनों को बढ़ाया है। हमारे देश में महिला नेतृत्व का एक बेहतरीन उदाहरण पंचायती राज संस्थाएं भी हैं। आज भारत में 14 लाख से ज्यादा महिलाएं लोकल गवर्नमेंट बॉडीज में सफलतापूर्वक काम कर रही हैं। लगभग 21 राज्यों में तो पंचायतों में उनकी भागीदारी करीब-करीब 50% तक पहुंच चुकी है। लाखों महिलाओं की राजनीति और सामाजिक जीवन में ये सक्रियता, दुनिया के बड़े-बड़े नेताओं और राजनीति के विशेषज्ञों के लिए भी बहुत ही हैरान करने वाली बात होती है। इससे भारत का गौरव बहुत बढ़ता है। (Nari Shakti Vandan Sammelan)

बेटी बढ़ाओं के युग में कर चुके हैं प्रवेश: CM रेखा गुप्ता

PM ने कहा कि कई अध्ययनों में ये सामने आया है कि जब निर्णय प्रक्रियाओं में महिलाओं की सहभागिता बढ़ी, तो इससे व्यवस्थाओं में भी संवेदनशीलता आई है। केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम हमारी मातृ शक्ति के सालों के संघर्ष और साधना के लोकतांत्रिक सिद्धि का महापर्व है। यह महिलाओं के सामर्थ्य आत्म सम्मान और लोकतांत्रिक भागीदारी को सुनिश्चित करने वाला युगांतकारी परिवर्तन है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत की महिलाओं ने अपने ही देश में सम्मान और समान अधिकार पाने के लिए संघर्ष की एक लंबी यात्रा देखी है। भ्रूण हत्या, सती प्रथा, बाल विवाह, अशिक्षा, विधवा होने पर दोबारा विवाह की अनुमति से लेकर पर्दा प्रथा में किस प्रकार से भारत की बेटियों ने बेटी बचाव से लेकर ये सफर शुरू किया और अगला युग बेटियों को पढ़ाने का आया हम बेटी पढ़ाओ के युग में गए। आज हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बेटी बढ़ाओ के युग में प्रवेश कर चुके हैं।

Back to top button
error: Content is protected !!