बंगाल की खाड़ी में ताकतवर हुआ अकवान, आंध्र-ओडिशा में भारी बारिश, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा, पेड़ उखड़ेंगे, फसलें होंगी प्रभावित

Cyclone Akvan Landfall Alert: बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अकवान को लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। तूफान के 20 नवंबर की दोपहर उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट के बीच टकराने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। IMD के DG डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि यह चक्रवात 20 तारीख की दोपहर तक उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट नरसापुर और पुरी के बीच पर हिट करेगा। उस समय हवाओं की रफ्तार 90 किलोमीटर प्रति घंटा से लेकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। इतनी रफ्तार से हवाएं चलने के कारण छोटे पेड़ उखड़ सकते हैं, पेड़ों की शाखाएं टूट सकती हैं और बिजली समेत टेलीफोन संचार प्रणालियों को आंशिक नुकसान पहुंच सकता है। इसकी वजह से खड़ी फसलों, धान और बागवानी फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हो सकता है। इसके कारण रेल यातायात, हवाई यातायात और जमीनी परिवहन जैसे कि भारतीय रेल और राष्ट्रीय राजमार्ग में रुकावटें आ सकती हैं।
यह भी पढ़ें:- 20 नवंबर को आंध्र तट से टकराएगा चक्रवात अकवान, छत्तीसगढ़ में 3 दिन बारिश का अलर्ट
उन्होंने आगे कहा कि मछुआरों के लिए यह सुरक्षित नहीं है। हम लगातार इसकी जानकारी देते रहेंगे। हर तीन घंटे में हम इसकी निगरानी रख रहे हैं। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हो सकता है। हम सभी को इसकी जानकारी लेते हुए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम मौसम विभाग के निदेशक पीएलएन मूर्ति ने कहा कि चक्रवाती तूफान अकवान अभी पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद है। इसके उत्तर-उत्तरी पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 20 तारीख की दोपहर के आसपास नरसपुर और पुरी के बीच तट को पार करने की संभावना है। इस दौरान यह श्रीकाकुलम जिले के काफी करीब से गुजरेगा। तट से टकराते समय हवा की गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है और झोंकों के साथ यह 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। फिलहाल हमारा अनुमान है कि यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में ही तट को पार करेगा। मछुआरों को सलाह दी जाती है कि वे अगले तीन दिनों तक खासकर 21 तारीख की सुबह तक समुद्र में न जाएं। आज और कल श्रीकाकुलम से बापटला तक बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है। (Cyclone Akvan Landfall Alert)
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी, डोडा की पहाड़ियां बर्फ से ढकी
देश के उत्तरी हिस्सों में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भलेसा क्षेत्र में ऊंची पहाड़ी चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। इससे आसपास के क्षेत्रों में ठंड का असर और बढ़ गया है। तमिलनाडु के नीलगिरि जिले के ऊटी और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह पाला जमने से मौसम का मिजाज बदल गया। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 5.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आमतौर पर नीलगिरि में पाला पड़ने का मौसम 15 दिसंबर के बाद शुरू होता है, लेकिन इस साल नवंबर में ही इसकी शुरुआत हो गई है। सुबह घास के मैदान, गाड़ियां, पेड़ और पौधे पाले की सफेद परत से ढके नजर आए। वहीं चक्रवाती तूफान अकवान के कारण तेज हवाओं को देखते हुए तमिलनाडु मत्स्य विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है। थूथुकुडी बंदरगाह पर जहाजों को खड़ा कर दिया गया है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक आज यह तूफान एक गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा, कल शाम तक एक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा और 20 नवंबर की दोपहर के आसपास नेल्लोर और विशाखापट्टनम के बीच तट से टकराएगा।
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में AQI की स्थिति
दिल्ली-NCR में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने GRAP के तीसरे चरण यानी GRAP-3 की पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा दी हैं। आयोग ने 17 नवंबर 2026 को जारी अपने आदेश को वापस लेने का फैसला किया है। हालांकि GRAP के पहले और दूसरे चरण के तहत लागू प्रतिबंध जारी रहेंगे। यानी प्रदूषण नियंत्रण के लिए पहले से लागू बाकी उपायों का पालन करना होगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में वायु गुणवत्ता का स्तर अलग-अलग दर्ज किया गया। इंडिया गेट के आसपास AQI 112 और कालिंदी कुंज में 171 रहा, जो मध्यम श्रेणी में है। वहीं, JLN स्टेडियम के आसपास AQI 152 दर्ज किया गया। दूसरी ओर AIIMS इलाके में AQI 278 और ITO में 276 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है। अलग-अलग स्थानों पर दर्ज आंकड़े बताते हैं कि GRAP-3 हटने के बावजूद दिल्ली के कुछ इलाकों में प्रदूषण की समस्या बनी हुई है। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में बुधवार सुबह घना कोहरा देखने को मिला। सैंथिया-सूरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह के समय कोहरे की मोटी परत छाई रही। इससे सड़क पर दृश्यता प्रभावित होने की स्थिति बनी। मौसम में बदलाव के बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं चक्रवात, कहीं बर्फबारी तो कहीं कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। (Cyclone Akvan Landfall Alert)



