Google Analytics —— Meta Pixel

20 नवंबर को आंध्र तट से टकराएगा चक्रवात अकवान, छत्तीसगढ़ में 3 दिन बारिश का अलर्ट

Cyclone Akvan Alert: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान अकवान लगातार ताकतवर होता जा रहा है। तूफान की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई है। मौसम विभाग के मुताबिक 20 नवंबर की दोपहर इसके आंध्र प्रदेश के तट से टकराने की आशंका है। लैंडफॉल के दौरान हवा की रफ्तार 130 से 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तूफान का असर सिर्फ आंध्र प्रदेश और ओडिशा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ समेत 8 राज्यों में मौसम प्रभावित होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 19 से 21 नवंबर तक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बस्तर संभाग में भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

यह भी पढ़ें:- रायपुर में 6 दिसंबर को साहू समाज का युवक-युवती परिचय सम्मेलन, अब 25 नवंबर तक करा सकेंगे पंजीयन

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, बुधवार सुबह 5 बजे चक्रवात अकवान विशाखापत्तनम से करीब 610 किलोमीटर और चेन्नई से 580 किलोमीटर दूर था। तूफान लगातार तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर की दोपहर आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तूनी के बीच तट से टकराने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 130 से 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। समुद्र में 14 मीटर से ज्यादा ऊंची लहरें उठने की आशंका है। तटीय इलाकों में तेज हवाओं और समुद्र में उफान को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। चक्रवात का असर ओडिशा के पहाड़ी और तटीय इलाकों में भी दिखाई दे सकता है। रायगड़ा जिले में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए 55 गांवों को संवेदनशील चिह्नित किया गया है। इन गांवों के लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। (Cyclone Akvan Alert)

चक्रवात से निपटने राहत शिविर तैयार

प्रशासन ने ओडिशा के 8 जिलों के 87 ब्लॉक में 1,902 संवेदनशील जगहों की पहचान की है। संभावित आपदा से निपटने के लिए 3,329 राहत शिविर तैयार रखे गए हैं। इसके अलावा हरभंगी और बदनाला बांधों से पानी छोड़ा जा रहा है, ताकि भारी बारिश के दौरान अतिरिक्त पानी के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे। तूफान के असर से विशाखापत्तनम समेत कई तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति बिगड़ने लगी है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं और तटीय क्षेत्रों से लोगों को हटाया जा रहा है। मछुआरों को समुद्र में जाने से मना किया गया है। विशाखापत्तनम में मछुआरों ने अपनी नावों को सुरक्षित जगहों पर बांध दिया है। वहीं तमिलनाडु के तूतीकोरिन में भी नावों को बंदरगाह पर खड़ा कराया गया है। प्रशासन ने समुद्र तटों पर निगरानी बढ़ा दी है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।

छत्तीसगढ़ में 19 से 21 नवंबर तक बारिश

चक्रवात अकवान का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 19 से 21 नवंबर तक बारिश होने की संभावना है। 20 नवंबर को बस्तर संभाग के सुकमा और बीजापुर जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। बस्तर संभाग के अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। वहीं, 20 और 21 नवंबर को रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हो सकती है। प्रदेश में फिलहाल अधिकांश स्थानों पर मौसम साफ बना हुआ है। तापमान की बात करें तो अंबिकापुर सबसे ठंडा और रायपुर सबसे गर्म दर्ज किया गया है। हालांकि चक्रवात के प्रभाव से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। (Cyclone Akvan Alert)

तूफान के चलते विशाखापत्तनम-किरंदुल एक्सप्रेस रद्द

चक्रवात अकवान के संभावित प्रभाव को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। विशाखापत्तनम-किरंदुल-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस को दो दिनों के लिए रद्द कर दिया गया है। रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक ट्रेन नंबर 18515 और 18516 आगामी 19 और 20 नवंबर को दोनों दिशाओं में संचालित नहीं होगी। यह फैसला एहतियातन लिया गया है, ताकि खराब मौसम और संभावित तूफान के दौरान यात्रियों के साथ रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। रेलवे ने यात्रियों से स्टेशन पहुंचने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है। एक तरफ पूर्वी और दक्षिणी भारत चक्रवात की आशंका से जूझ रहा है, वहीं देश के उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है। गंगोत्री में तापमान माइनस 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

8 राज्यों में दिख सकता है चक्रवात का असर

राजस्थान के कई शहरों में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। कश्मीर घाटी में भी इस सीजन की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में गिरते तापमान के चलते सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। चक्रवात अकवान के कारण आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में अगले चार दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी है। इसके अलावा तमिलनाडु समेत अन्य राज्यों में भी तेज हवाओं और बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए तटीय क्षेत्रों में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। लोगों को समुद्र के नजदीक जाने से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

Back to top button
error: Content is protected !!