Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में लाल आतंक को बड़ा झटका, कांकेर में हार्डकोर महिला नक्सली रूपी रेड्डी ढेर, नक्सली लीडर विजय रेड्डी की थी पत्नी

Naxalite Encounter in Kanker: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छोटेबेठिया क्षेत्र के माचपल्ली जंगल में सोमवार तड़के मुठभेड़ हुई, जिसमें जवानों ने हार्डकोर महिला नक्सली रूपी रेड्डी को मार गिराया है। रूपी रेड्डी नक्सलियों की एरिया कमेटी मेंबर (ACM) थी और लंबे समय से सुरक्षाबलों के लिए सिरदर्द बनी हुई थी। पुलिस के मुताबिक खुफिया जानकारी मिली थी कि छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत माचपल्ली के घने जंगलों में कुछ बड़े कैडर के नक्सली छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों ने तड़के करीब 4 से 5 बजे के बीच सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

यह भी पढ़ें:- बस्तर के विकास को लेकर सियासत तेज, कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने, बोधघाट परियोजना पर बढ़ा सियासी पारा

जवानों को देखते ही नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जवानों ने मोर्चा संभाला। मुठभेड़ खत्म होने के बाद तलाशी के दौरान एक महिला नक्सली का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान रूपी रेड्डी के रूप में हुई। मौके से पुलिस ने एक पिस्तौल और भारी मात्रा में दैनिक उपयोग का सामान भी जब्त किया है। कांकेर SP निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। मारे गई नक्सली रूपी रेड्डी का प्रोफाइल काफी हाई-प्रोफाइल था। वह कुख्यात स्टेट कमेटी मेंबर (SCM) विजय रेड्डी की पत्नी थी। बता दें कि विजय रेड्डी पहले ही राजनांदगांव और मोहला-मानपुर-चौकी जिले में हुई एक मुठभेड़ में मारा जा चुका है।

सूत्रों के मुताबिक रूपी रेड्डी उत्तर बस्तर इलाके में नक्सलियों के बीच काफी प्रभावशाली थी। वह सक्रिय रूप से अन्य कैडरों को आत्मसमर्पण करने से रोक रही थी और उन्हें संगठन में बने रहने के लिए दबाव बनाती थी। बड़े लीडर्स के मारे जाने के बाद वह इस इलाके में नक्सली गतिविधियों को फिर से खड़ा करने की कोशिश में जुटी थी। यह एनकाउंटर ऐसे समय में हुआ है, जब सरकार की ओर से तय की गई नक्सल खात्मे की डेडलाइन (31 मार्च 2026) के बाद भी अभियान जारी है। डेडलाइन के आखिरी दिन 31 मार्च को बीजापुर में 25 नक्सलियों ने एक साथ सरेंडर किया था। (Naxalite Encounter in Kanker)

सरेंडर करने वाले नक्सलियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा नक्सली डंप बरामद किया था। इसमें 14 करोड़ की संपत्ति मिली है, जिसमें 3 करोड़ कैश और 7 किलो सोना शामिल है। हाल ही में दंतेवाड़ा, सुकमा और कांकेर समेत चार जिलों में 34 नक्सलियों ने हथियार डाले हैं। पुलिस ने अब दंतेवाड़ा जिले को नक्सल मुक्त होने का दावा भी किया है। बीता साल नक्सलियों के लिए काल साबित हुआ है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक सुरक्षाबलों ने रणनीतिक बढ़त हासिल की है। (Naxalite Encounter in Kanker)

2025 के आंकड़ों पर एक नजर

कुल मुठभेड़ 99
एनकाउंटर में ढेर नक्सली 256
गिरफ्तार नक्सली 884
सरेंडर करने वाले नक्सली 1562
बरामद हथियार 645
बरामद IED की संख्या 875
शहीद जवान 23
नक्सलियों ने की लोगों की हत्या 46

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 30 मार्च को संसद में कहा था कि सरकार ने नक्सलवाद के खात्मे का जो लक्ष्य तय किया था, उसे लगभग हासिल कर लिया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब देश से नक्सलवाद समाप्ति की कगार पर है और हिंसा की घटनाओं में भारी कमी आई है। वर्तमान में सुरक्षाबल इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और फरार नक्सलियों की तलाश जारी है। कांकेर की यह मुठभेड़ बचे-कुचे नक्सली कैडरों के सफाए की दिशा में पुलिस का एक और बड़ा प्रहार माना जा रहा है। (Naxalite Encounter in Kanker)

Back to top button
error: Content is protected !!