छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स का भव्य शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी ने ली जिम्मेदारी की शपथ
बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय स्थित ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, बलौदाबाजार इकाई की नवगठित कार्यकारिणी का भव्य शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता संदीप साहू ने की। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद कुमार शर्मा, पलारी नगर पंचायत अध्यक्ष गोपी साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष जितेंद्र महाले सहित रायपुर से आए प्रदेश कोषाध्यक्ष निकेश बरड़िया, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सलूजा समेत कई गणमान्य नागरिक एवं व्यापारी नेता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े :- विकसित भारत 2047 के स्वप्न को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका-केंद्रीय मंत्री मंडाविया
नई कार्यकारिणी ने ली निष्ठा और जिम्मेदारी की शपथ
प्रदेश अध्यक्ष सतीश थोरानी ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान अध्यक्ष लक्ष्मी साहू, महामंत्री शिवप्रकाश तिवारी, कोषाध्यक्ष लक्ष्मेंद्र अग्रवाल, मुख्य सलाहकार अभिषेक तिवारी सहित सभी पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।
वरिष्ठ व्यापारियों का सम्मान
कार्यक्रम में वरिष्ठ व्यापारी इंद्रकुमार जैन, गेंदलाल जायसवाल, विपीन बिहारी वर्मा, हेमचंद केशरवानी, गोपालदास हबलानी और अशोक पंजवानी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं उपस्थित पत्रकारों का भी पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया।
परंपरागत विधि से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया गया।
व्यापारियों से सदस्यता बढ़ाने का आह्वान
अध्यक्ष लक्ष्मी साहू ने अपने स्वागत भाषण में बलौदाबाजार, पलारी, कसडोल, लवन एवं आसपास के सभी छोटे-बड़े व्यापारियों से चेंबर से जुड़ने और संगठन को मजबूत बनाने का आग्रह किया।
आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम सम्पन्न
कार्यक्रम के अंत में अभिषेक (मिकी) तिवारी एवं शिवप्रकाश तिवारी ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, चेंबर सदस्यों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन के.एस. तिवारी, विनय गुप्ता एवं हेमंत वर्मा ने प्रभावी ढंग से किया।



