ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी को किया कॉल, दोनों के बीच 40 मिनट तक हुई बातचीत, मिडिल ईस्ट तनाव के बीच कई मुद्दों पर चर्चा

Trump Talk With PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया। दोनों के बीच करीब 40 मिनट तक बातचीत हुई। यह बातचीत अमेरिका-ईरान सीजफायर के बाद दोनों नेताओं के बीच पहली सीधी चर्चा मानी जा रही है, जिसमें वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों की समीक्षा की और कई क्षेत्रों में हुई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि दोनों देश अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
यह भी पढ़ें:- पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 6 की मौत, छत्तीसगढ़ में ट्रक-हाइवा में भिड़ंत में गई 3 की जान
PM मोदी ने कहा कि पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी गंभीर चर्चा हुई। खास तौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित बनाए रखने पर जोर दिया गया। बता दें कि यह क्षेत्र वैश्विक तेल आपूर्ति और अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के मुताबिक बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप से कहा कि भारत के लोग आपको पसंद करते हैं। इस पर ट्रंप ने जवाब दिया कि हम सभी आपसे प्यार करते हैं। सर्जियो गोर ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले दिनों और हफ्तों में भारत और अमेरिका के बीच ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े बड़े समझौते हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हो रहे हैं और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहयोग बढ़ रहा है। (Trump Talk With PM Modi)
20 दिनों में दूसरी बातचीत
इससे पहले 24 मार्च को भी दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय मिडिल ईस्ट के तनावपूर्ण हालात पर चर्चा हुई थी और भारत ने शांति बहाली पर जोर दिया था। प्रधानमंत्री मोदी ने तब भी होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखने की आवश्यकता बताई थी, क्योंकि इसका सीधा असर वैश्विक अर्थव्यवस्था पर पड़ता है। इस बीच एक प्रतिष्ठित समाचार पत्र ने अज्ञात अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से दावा किया था कि एलन मस्क भी दोनों नेताओं की एक बातचीत में शामिल हुए थे।हालांकि भारत सरकार ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए रिपोर्ट को गलत बताया था। PM मोदी और ट्रम्प के बीच हुई यह बातचीत भारत-अमेरिका संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। साथ ही वैश्विक स्तर पर ऊर्जा सुरक्षा और पश्चिम एशिया की स्थिरता को लेकर दोनों देशों की साझा चिंता भी स्पष्ट रूप से सामने आई है।



