Google Analytics —— Meta Pixel

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 6 की मौत, छत्तीसगढ़ में ट्रक-हाइवा में भिड़ंत में गई 3 की जान

Accidents in Punjab Chhattisgarh: पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ है, जहां श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सभी का इलाज जारी है। बस में कुल 40 श्रद्धालु सवार थे, जो आनंदपुर साहिब में आयोजित बैसाखी मेले से लौट रहे थे। इसी दौरान हिम्मतपुरा गांव के पास बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई।

यह भी पढ़ें:- नकली दवाओं की सप्लाई चेन का पर्दाफाश, इंदौर-भाटापारा-सारंगढ़ कनेक्शन आया सामने, मेडिकल स्टोर्स के जरिए चल रहा था फर्जी दवाओं का खेल

हादसे के बाद यात्रियों ने दावा किया कि बस पलटने के बाद उसमें करंट फैल गया, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे देर रात खाने के बाद घर लौट रहे थे, तभी हादसा देखा। उन्होंने तुरंत अन्य लोगों को बुलाया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि एंबुलेंस मौके पर देर से पहुंची, जिसके चलते शुरुआती राहत कार्य उन्होंने खुद संभाला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भेजा गया। 12 घायलों को मोरिंडा और 9 को फतेहगढ़ साहिब अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायलों को चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। (Accidents in Punjab and Chhattisgarh)

एसएसपी डॉ. शुभम अग्रवाल ने बताया कि हादसा देर रात हुआ और जिस जगह पर श्रद्धालुओं को उतरना था, वह घटनास्थल से मात्र 1.5 किलोमीटर दूर था। उन्होंने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि राहत और बचाव कार्य में ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और घायलों का इलाज जारी है। बठिंडा से शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इधर, छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के गोबरा नवापारा क्षेत्र में भी सोमवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ, जहां रेत से भरे हाइवा और एक खाली ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई।

  

यह हादसा अभनपुर थाना क्षेत्र में पिपरौद-बजरंगपुर के पास निर्माणाधीन टोल प्लाजा के समीप रात करीब 1:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज करीब 2 किलोमीटर दूर तक सुनी गई। हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग केबिन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेसीबी मशीन की मदद से फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग धमतरी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। (Accidents in Punjab and Chhattisgarh)

मृतकों की पहचान

  • भागवत राम साहू (65), पारागांव
  • सुमित यादव (19), नवागांव
  • दीपक पटेल (22), कातलबोड़

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे, जिसके कारण टक्कर बेहद भीषण हो गई। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया। फिलहाल दोनों ही मामलों में पुलिस जांच जारी है और हादसों के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। दोनों ही हादसे एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन में सतर्कता की जरूरत को उजागर करते हैं। प्रशासन की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है। वहीं इन दर्दनाक घटनाओं ने कई परिवारों को गहरा आघात पहुंचाया है, जहां एक ओर लोग अपनों के खोने के गम में डूबे हैं, वहीं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!