पहलगाम की पहली बरसी पर सेना की चेतावनी: हर हमले का मिलेगा जवाब
Pahalgam Terror Attack : पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 को हुए आतंकी हमले की बुधवार को पहली बरसी मनाई जा रही है। यह दिन देश के लिए गहरे दुख और आक्रोश की याद दिलाता है, जब आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की जान ले ली थी। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।
यह भी पढ़े :- जम्मू-कश्मीर में 100 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, अब तक 21 की मौत, 29 से ज्यादा घायल
हमले की बरसी (Pahalgam Terror Attack) से एक दिन पहले भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा, “जब इंसानियत की सीमाएं लांघी जाती हैं, तो जवाब निर्णायक होता है। भारत भूलता नहीं है। न्याय मिल गया है। भारत एकजुट है।”
बैसरन घाटी में मचा था आतंक
बैसरन घाटी, जिसे ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से जाना जाता है, उस दिन गोलियों और धमाकों की आवाज से दहल उठी थी। आतंकियों ने पर्यटकों को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई। इस हमले में कई परिवारों ने अपने प्रियजनों को खो दिया।
ऑपरेशन सिंदूर के जरिए दिया गया जवाब
हमले के कुछ दिनों बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया। 6 और 7 मई को भारतीय सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। यह कार्रवाई पहलगाम हमले के जवाब में की गई थी।
इस हमले की पहली बरसी पर देशभर में शहीदों को श्रद्धांजलि दी जा रही है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। (Pahalgam Terror Attack)



