Google Analytics —— Meta Pixel

छत्तीसगढ़ में जल्द शुरू होगी सीएम हेल्पलाइन, 24 घंटे दर्ज होंगी शिकायतें: विष्णुदेव साय

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार जल्द ही ‘सीएम हेल्पलाइन नंबर’ शुरू करने जा रही है। इस हेल्पलाइन के जरिए प्रदेश का कोई भी नागरिक 24 घंटे अपनी शिकायत या समस्या दर्ज करा सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में बताया कि हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के निपटारे के लिए निश्चित समय-सीमा तय की जाएगी। यदि निर्धारित अवधि में शिकायतों का समाधान नहीं होता है, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रशासन को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाना है, ताकि आम लोगों की समस्याओं का तेजी से निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

विधानसभा में निंदा प्रस्ताव को लेकर बुलाए गए विशेष सत्र पर मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में महिलाओं के अधिकारों को लेकर ऐतिहासिक फैसले लिए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की पहल का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर इसका विरोध करने का आरोप लगाया।

पश्चिम बंगाल के राजनीतिक हालात पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां की जनता में तृणमूल कांग्रेस और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रति असंतोष है और लोग बदलाव चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!