Google Analytics —— Meta Pixel

राजनांदगांव में अवैध खनिज परिवहन को लेकर प्रशासन सख्त, 13 वाहनों पर लाखों का जुर्माना, 4 जब्त

Action Against Illegal Transport: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के निर्देश पर लगातार कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने कई वाहनों पर जुर्माना लगाया और कुछ को जब्त भी किया। जानकारी के मुताबिक अप्रैल 2026 के दौरान दुर्ग संभाग के परिवहन उड़न दस्ते ने दुर्ग और राजनांदगांव जिले में रेत, गिट्टी, मिट्टी और मुरूम के अवैध परिवहन की जांच की। इस दौरान कुल 17 ओवरलोड खनिज परिवहन वाहनों पर कार्रवाई की गई। इनमें से 13 वाहनों पर कुल 4 लाख 98 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया, जबकि 4 वाहनों को जब्त कर नजदीकी थानों को सौंप दिया गया।

यह भी पढ़ें:- मुंडन से लौट रहा परिवार हादसे का शिकार, 11 की मौत, बोलेरो में जिंदा जले 9 लोग

जिला प्रशासन का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी और गश्त की जा रही है। इसी कड़ी में डोंगरगढ़ विकासखंड के जामरी और मुड़पार गांव में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत मिलने पर राजस्व विभाग की टीम ने अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम जामरी में नाले के पास दो ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते हुए पाए गए। अधिकारियों को देखकर ट्रैक्टर चालक इंजन लेकर मौके से फरार हो गए। टीम ने दोनों ट्रॉलियों में भरी रेत को ट्रॉली सहित जब्त कर बोरतलाव थाने को सौंप दिया।

अवैध ईंट भट्ठे पर भी कार्रवाई

मौके पर ही हेमलाल सिन्हा के एक अवैध ईंट भट्ठे पर भी कार्रवाई की गई। यहां से लगभग 1.5 लाख ईंट जब्त की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस लगातार कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने आम लोगों से भी अपील की है कि ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय पर कार्रवाई हो सके। आने वाले दिनों में भी इस तरह की सख्त निगरानी और अभियान जारी रहने की बात कही गई है। (Action Against Illegal Transport)

Back to top button
error: Content is protected !!