AAP को सावधान रहना चाहिए…उनके 50 विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं: कांग्रेस
Congress on AAP: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसदों के भाजपा में शामिल होने के ऐलान के बाद देश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस और RJD नेताओं ने इस घटनाक्रम को लेकर भाजपा और AAP दोनों पर निशाना साधा है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब के कांग्रेस प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल ने कहा कि केजरीवाल विवेकानंद फाउंडेशन में बैठने वाले लोग हैं। उस फाउंडेशन में बाबा राम देव भी बैठे है और जो लोग हैं, वो भी बैठे हैं। उन्हीं लोगों ने आंदोलन की शुरुआत की। ये वहीं से निकला है। ये भाजपा की बी टीम हैं और ओरिजनल पार्टी में जा रहे हैं। आम आदमी पार्टी और भाजपा में अंतर नहीं है। ये लोग मुख्यधारा में वापस पहुंच गए। केजरीवाल कब जाते हैं, ये देखने की बात है।
यह भी पढ़ें:- AAP में बड़ा सियासी भूचाल, सांसद संजय सिंह ने बताया ऑपरेशन लोटस, ED और दबाव की राजनीति का आरोप
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि भाजपा वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आएंगे। ये देश में लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं। लोकतंत्र कमजोर हो रहा है ये मानना पड़ेगा। सभी एजेंसी इनके काबू में है। अशोक मित्तल के ठिकानों पर ED का छापा पड़ा, पहले भाजपा ने राघव चड्ढा को भी तंग किया था। देश देख रहा है कि क्या हो रहा है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा कि AAP को सावधान रहना चाहिए, क्योंकि उनके 50 विधायक भाजपा में शामिल हो सकते हैं, अभी सिर्फ सांसदों ने पार्टी छोड़ी है। पार्टी की कोई विचारधारा नहीं है। यह नैचुरल था। इन सांसदों का पंजाब में कोई मतलब नहीं है। (Congress on AAP)
AAP को भाजपा और RSS ने बनाया था: कांग्रेस
कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने कहा कि राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और कई दूसरे नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं, उन्हें यकीन है कि पंजाब में असली लड़ाई AAP से नहीं, बल्कि कांग्रेस से है। कांग्रेस पंजाब में सरकार बनाएगी और सबसे बड़ा सवाल यह है कि उन्हें कैसे रोका जाए। इसलिए आज AAP नेता भाजपा में शामिल हो गए हैं। साफ शब्दों में कहें तो AAP अब भाजपा की टीम का हिस्सा बनकर काम कर रही है। कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने कहा कि AAP को भाजपा और RSS ने बनाया था। इन्होंने हम पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। कांग्रेस पार्टी ने कोई भ्रष्टाचार नहीं किया था। बिहार विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और RJD नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि कुछ लोग समझौता करते हैं, डर जाते हैं और BJP में शामिल हो जाते हैं। हो सकता है कि वे लालच या डर की वजह से शामिल हुए हों। (Congress on AAP)



