Google Analytics —— Meta Pixel

जमीन विवाद में खूनी खेल, युवक ने की बड़ी मां की हत्या, जंगल में फेंका शव

Murder in Raigarh: रायगढ़ जिले के बेहरामार गांव में जमीन विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया, जहां एक युवक ने अपनी ही बड़ी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। हालांकि पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जानकारी के मुताबिक 22 अप्रैल को लोकनाथ राठिया ने छाल थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 70 साल की मां केवला बाई राठिया पिछले 4-5 दिनों से लापता हैं। उन्होंने अपने चचेरे भाई आशन राठिया पर जमीन विवाद के चलते अनहोनी की आशंका जताई थी।

यह भी पढ़ें:- जमीन विवाद में छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या, शव को गोदाम में जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश

इसी दौरान पुलिस को बेहरामार-जामपाली मार्ग के जंगल में झाड़ियों के बीच एक शव पड़े होने और दुर्गंध आने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गड्ढे से सड़े-गले हालत में महिला का शव बरामद किया। परिजनों के पहचान करने पर शव केवला बाई राठिया का निकला। प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आशन राठिया का मृतिका के साथ जमीन बंटवारे और बिक्री को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। (Murder in Raigarh)

सबूत मिटाने की कोशिश

18 अप्रैल को महुआ बीनने के दौरान दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर हाथ-मुक्कों और लात-घूसों से हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को बाइक में लादकर जंगल के झुरमुट में फेंक दिया, ताकि घटना का कोई सुराग न मिल सके और मामला दबा रहे। (Murder in Raigarh)

बरामद हुए अहम साक्ष्य

थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेही आशन राठिया को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बाइक समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। यह घटना एक बार फिर यह दिखता है कि जमीन विवाद किस तरह पारिवारिक रिश्तों को भी तार-तार कर देता है और हिंसा का कारण बनता है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!